किंग्स इलेवन पंजाब के ओपनर मयंक अग्रवाल ने आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रविवार (27 सितंबर) को सीजन के 9वें मैच में सेंचुरी लगाई। मयंक ने 50 गेंद पर 106 रनों की पारी खेली। उन्होंने 10 चौके और 7 छक्के लगाए। टॉम करन की गेंद पर संजू सैमसन ने उनका कैच लिया। उन्होंने श्रेयस गोपाल की गेद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया।
मयंक आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में मुरली विजय को पीछे छोड़ा। विजय ने चेन्नई के लिए खेलते हुए 2010 में राजस्थान के खिलाफ 46 गेंदों पर शतक लगाया था। मयंक ने 45 गेंद पर लगा दिए। उनसे तेज शतक का रिकॉर्ड यूसुफ पठान के पास है। पठान ने राजस्थान के लिए खेलते हुए मुंबई के खिलाफ 2010 में 37 गेंद पर शतक लगाया था।
राहुल और मयंक ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 183 रन जोड़े। ओपनिंग विकेट के लिए इस सीजन की ये सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने पृथ्वी शॉ और शिखर धवन को पीछे छोड़ा। इन दोनों ने चेन्नई के खिलाफ 94 रनों की साझेदारी की थी। मयंक के अलावा केएल राहुल ने भी विस्फोटक पारी खेली उन्होंने आईपीएल का 17वां अर्धशतक लगाया।
संजू को लेकर कांग्रेस-भाजपा सांसद ‘भिड़े,’ धोनी से तुलना करने से शुरू हुआ था मामला
राहुल और मयंक ने किंग्स इलेवन पंजाब के लिए किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी की। उन्होंने शॉन मार्श और अजहर महमूद को पीछे छोड़ दिया। मार्श और महमूद ने 2013 में मुंबई के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी की थी। राहुल और मयंक से आगे एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श हैं। दोनों ने 2011 में रॉयल चैलेंजर बंगलौर के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 202 रनों की साझेदारी की थी।