IND vs NZ 3rd T20I: रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैचों में कुल 15 रन ही बना पाए थे। हालांकि, तीसरे टी20 में उन्होंने कीवी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने 23 गेंद पर ही अर्धशतक ठोक दिया। हालांकि, वे सबसे कम गेंदों पर अर्धशतक बनाने के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए, लेकिन टी20 करियर में चौथी बार 25 से कम गेंदों पर फिफ्टी जड़ने की उपलब्धि जरूर हासिल कर ली। रोहित ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लॉडरहिल के मैदान पर 22 गेंद पर अर्धशतक लगाया था। रोहित ने टी20 इंटरनेशनल में 23 गेंद पर तीसरी बार अर्धशतक लगाया है।

रोहित ने पिछले साल राजकोट में बांग्लादेश और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ 23-23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। अब हैमिल्टन में 22 जनवरी 2020 को न्यूजीलैंड के खिलाफ 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में रोहित ने शुरुआती 18 गेंदों पर 24 रन बनाए थे, जबकि अगली पांच गेंदों पर 26 रन जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने हैमिश बेनेट के ओवर में यह कारनामा किया।

हैमिश ने भारतीय पारी का छठा ओवर फेंका। उनकी पहली गेंद पर केएल राहुल ने एक रन लिया। अगली गेंद रोहित शर्मा को फेंकी। रोहित ने बैकवर्ड स्क्वायर लेग की ओर पुल करके छक्का जड़ दिया। तीसरी गेंद पर रोहित ने लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा। चौथी गेंद थोड़ा शॉर्ट रह गई, लेकिन रोहित ने इसे बैकवर्ड पॉइंट की ओर खेल दिया। गेंद एक बाउंस के साथ सीमा रेखा के पार पहुंच गई।

हैमिश ने अपनी 5वीं गेंद थोड़ा वाइड रखी, लेकिन रोहित कहां मानने वाले थे। उन्होंने क्रीज से बाहर निकलकर ऑफ साइड की ओर शॉट लगाया। यह गेंद भी सीमा रेखा के पार पहुंच गई और रोहित के खाते में 4 रन और जुड़ गए। ओवर की आखिरी गेंद की हैमिश ने वाइड रखी, लेकिन रोहित ने इस पर भी छक्का जड़ दिया।

रोहित शर्मा ने इस तरह हैमिश की 5 गेंदों पर 26 रन बटोरे और अपना अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में रोहित 40 गेंद पर 65 रन बनाकर आउट हुए। इसमें उनके 6 चौके और 3 छक्के रहे। रोहित के टी20 इंटरनेशनल में अब 107 मैचों में 2713 रन हो गए हैं। इसमें उनके 4 शतक भी शामिल हैं।