IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत को हक में कुछ भी नहीं रहा। इस मैच में पहले दिन का खेल बारिश की वजह से नहीं हो पाया था, लेकिन दूसरे दिन टॉस जीतकर पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम इंडिया 46 पर ही ढ़ेर हो गई। वहीं पहली पारी में न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट पर 180 रन बना लिए।
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद कप्तान रोहित शर्मा प्रेस कांफ्रेंस में आए। उन्होंने ऋषभ पंत की इंजरी पर बड़ी अपडेट दी और बताया कि वो कब तक मैदान पर उतर पाएंगे। वहीं उन्होंने अन्य मसलों पर भी अपनी बात कही।
पंत की इंजरी पर रोहित ने दिया अपडेट
ऋषभ पंत इस मैच में विकेटकीपिंग के दौरान चोटिल हो गए थे और रविंद्र जडेजा की एक गेंद उनके दाहिने घुटने पर लग गई थी। इस चोट के बाद पंत को मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद रोहित शर्मा ने पंत की इंजरी के बारे में बात करते हुए कहा कि ऋषभ पंत के घुटने में सूजन आ गई है। यह वही घुटना है जिस पर उनकी सर्जरी हुई थी। हम जोखिम नहीं लेना चाहते। उम्मीद है कि वह इस मैच में वापस आ जाएंगे। हालांकि वो कब वापसी करेंगे इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया।
रोहित ने स्वीकार की अपनी गलती
रोहित शर्मा ने कहा कि हमें लगा की पहले सत्र के बाद पिच तेज गेंदबाजों को मदद नहीं करेगी क्योंकि पिच पर बहुत ज्यादा घास नहीं थी और हमें लगा कि ये सपाट होगी। पहले बल्लेबाजी का फैसला करना गलत निर्णय था और मैं पिच को सही तरीके से नहीं पढ़ पाया। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन हमारे लिए अच्छी हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसी पिच पर जहाँ तेज गेंदबाजों को मदद मिल रही थी और हम 46 रन पर आउट हो गए, तो आप कह सकते हैं कि शॉट चयन सही नहीं था। यह एक बुरा दिन था। कभी-कभी आप कुछ करना चाहते हैं लेकिन उसे अंजाम नहीं दे पाते। यह मेरी गलतफहमी थी। मैं सपाट पिच की उम्मीद कर रहा था। मैं पिच को ठीक से पढ़ नहीं सका।
