IPL 2024 Trading Window: मुंबई इंडियन्स ने बेहद सफल रोहित शर्मा की जगह शुक्रवार को ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को कप्तान नियुक्त किया। इस फैसले के बाद फैंस काफी नाराज हो गए। वह रोहित शर्मा को हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खेलते हुए नहीं देखना चाहते। सोशल मीडिया पर लगातार यह कहा जा रहा है कि रोहित को किसी और टीम के लिए खेलना चाहिए। रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने 2024 के सीजन के लिए रिटेन किया है।

रोहित शर्मा हो सकते हैं ट्रेंड

रोहित का आईपीएल 2024 में किसी और टीम के लिए खेलना संभव है। भले ही मुंबई इंडियंस ने उन्हें रिटेन किया हो लेकिन अब भी उन्हें ट्रेड किया जा सकता है। ऑक्शन से एक हफ्ते पहले यानी 12 दिसंबर को ट्रेडिंग विंडो बंद हो गई थी। ऑक्शन से एक दिन बाद यानी 20 दिसंबर को यह ट्रेडिंग विंडो फिर से खुल जाएगी।

रोहित शर्मा के लिए मुंबई को खर्च करने होंगे 16 करोड़ रुपए

मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया है। अगर वह उन्हें ट्रेड करते हैं तो पर्स से उतनी ही रकम खर्च करनी होगी। अगर मुंबई इंडियंस यह फैसला करती है तो उसके पास ऑक्शन में खर्च करने के लिए पैसा नहीं होगा। ऐसे में वह अपनी जरूरतें पूरी नहीं कर पाएंगे। ऐसे में इस बात की उम्मीद बहुत कम है कि मुंबई इंडियंस रोहित शर्मा को ट्रेड करेगी।

दिल्ली कैपिटल्स ने दिखाई थी रोहित में दिलचस्पी

रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली कैपिटल्स रोहित शर्मा को अपने साथ जोड़ना चाहते थे। 2024 के सीजन में उनके नियमित कप्तान ऋषभ पंत केवल इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने वाले हैं। हालांकि मुंबई इंडियंस ने इसके लिए इनकार दिया है। इसके पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं।

मुंबई इंडियन्स ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से केवल पैसों के साथ ट्रेड किया था। हार्दिक की अगुवाई में गुजरात की टीम अपने शुरुआती सत्र में खिताब जीतने में सफल रही जबकि पिछले सत्र के फाइनल में उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियन्स से जारी बयान के मुताबिक नेतृत्व में बदलाव उनकी भविष्य की योजना का हिस्सा है ।