आईपीएल 2024 के आगाज से पहले मुंबई इंडियंस का कप्तान बदले जाने की घटना ने क्रिकेट के हर पंडित को हैरान कर दिया था। ऑक्शन के बाद फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पंड्या को कैप्टेंसी सौंप दी थी। मुंबई ने हार्दिक पंड्या को 15 करोड़ रुपए में गुजरात से ट्रेड किया था। कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित कितने खफा हैं यह उनकी ताजा सोशल मीडिया पोस्ट ने जाहिर कर दिया है।
रोहित की पोस्ट ने दी पुराने विवाद को हवा!
दरअसल, हाल ही में मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने कप्तानी में किए इस बदलाव का कारण बताया था। उन्होंने कहा था कि रोहित की जगह हार्दिक को कप्तान बनाना पूरी तरह से क्रिकेटिंग फैसला था। बाउचर के इस बयान पर रोहित की पत्नी रितिका ने रिएक्शन दिया था और कहा था कि इसमें बहुत सारी बातें गलत हैं। हालांकि मार्क बाउचर ने बाद में अपने उस वीडियो को डिलीट कर दिया था, लेकिन अब रोहित शर्मा की ताजा पोस्ट ने इस विवाद को फिर से हवा दे दी है।
क्या कहा है रोहित शर्मा ने?
रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की है जिसमें वह रितिका के साथ नजर आ रहे हैं। रोहित ने इस फोटो के कैप्शन में लिखा है, “रितिका, हमेशा मेरे साथ है।” इसके साथ ही उन्होंने दिल का इमोजी का भी पोस्ट किया। रोहित की इस पोस्ट को कप्तानी विवाद से ही जोड़कर देखा जा रहा है। हिटमैन की पोस्ट उनकी नाराजगी को जाहिर करती है। रोहित की पोस्ट यह बताती है कि रितिका ने जो बात कही थी वह उससे सहमत हैं।
क्या है पूरा मामला?
मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने हाल ही में एक वीडियो जारी कर बताया था कि आईपीएल के अगले सीजन से पहले फ्रेंचाइजी ने कप्तान बदलने का फैसला क्यों लिया। बाउचर ने अपने बयान में कहा था, “मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से एक क्रिकेट संबंधी फैसला था। हमने हार्दिक को वापस लाने का मौका देखा। यह हमारे लिए बदलाव का दौर है। बहुत से लोग भारत में भावुक हो जाते हैं, लेकिन आपको खेल और भावनाओं को एक दूसरे से अलग रखना होगा।’
बाउचर के इस वीडियो पर रितिका ने कॉमेंट किया था। रितिका ने कहा था कि इसमें बहुत सी बातें गलत हैं। रितिका के कॉमेंट से भूचाल आ गया था। बाद में बाउचर ने उस वीडियो को डिलीट कर दिया था।
