IND vs AUS ODI SERIES: भारत ने रविवार रात ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3 वनडे मैच की सीरीज 2-1 से अपने नाम की। सीरीज का आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला गया। टीम इंडिया ने इस मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की। भारतीय क्रिकेट टीम की इस जीत में उसके ओपनर रोहित शर्मा का भी बड़ा योगदान रहा। उन्होंने 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 128 गेंदों पर 119 रन की पारी खेली। छक्के लगाने के मामले में रोहित ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा।

रोहित ने 23 जून 2007 को इंडिया कैप पहनी थी यानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उसके बाद से वे अब तक 244 छक्के लगा चुके हैं। 23 जून 2007 के बाद से क्रिस गेल ने अब तक 242 छक्के ही लगाए हैं। ओवरऑल बात करें तो रोहित शर्मा ने अब तक कुल 416 छक्के लगाए हैं, जबकि क्रिस गेल अब तक 413 छक्के ही लगा पाए हैं।

मैच के बाद रोहित ने चहल (युजवेंद्र चहल) टीवी पर अपने गगनचुंबी छक्कों का राज खोला। चहल ने रोहित शर्मा से पूछा था कि आपने बेंगलुरु के मैदान पर अब तक आप 4 मैचों में 450 रन बना चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आपने इस मैदान पर वनडे में दोहरा शतक भी लगाया है। क्या कुछ खास लगाव है इस टीम के साथ आपका? इस पर रोहित ने कहा, ‘नहीं मैं उनके सामने खेलना इंज्वाय करता हूं। ऑस्ट्रेलिया अच्छी टीम है। जब अच्छी टीम के सामने आप खेलते हो तो आपका बेस्ट अपने आप सामने आ ही जाता है।’

रोहित ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलिया चाहे घर हो या बाहर दोनों जगह अच्छा खेलती है, तो हमें भी अच्छा प्रदर्शन करने की जरूरत थी। पहले मैच में हम हार गए, लेकिन हमने अच्छा कम बैक किया।’ इसके बाद चहल ने पूछा, ‘ आपने आप 5-6 छक्के मारे। आप दूर की ओर ऊंचाई में भी मार रहे हो। इसके लिए आप इतनी पावर कहां से लाते हो?’ इस पर रोहित ने कहा, ‘इसमें पावर की कोई बात नहीं है। टेक्निक जरूरी है। मैं हमेशा बोलता हूं कि छक्का मारना पावर का खेल नहीं है। यह सिर्फ टाइमिंग का खेल है। अच्छी टाइमिंग से शॉट लगाओगे तो गेंद अपने आप सीमा रेखा के पार चली जाती है।’

रोहित ने बताया, ‘मैं कभी नहीं सोचता कि मुझे ऊपर-ऊपर मारना है। ग्राउंड के बाहर मारना है। मेरा टारगेट यह रहता है कि मुझे सिर्फ रोप के पीछे मारना है। छह रन ही मिलते हैं, कोई आठ रन थोड़े ही मिलते हैं।’ बता दें कि रोहित ने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 3 वनडे खेले हैं। इसमें 131 के औसत से 393 रन बना चुके हैं। इसमें 2 शतक हैं।