Mumbai Indians vs Lucknow Super Giants, IPL 2025: लखनऊ के खिलाफ आईपीएल 2025 के 45वें मैच में मुंबई के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा 12 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन अपनी इस पारी में लगाए 2 छक्कों के साथ उन्होंने एबी डिविलियर्स का यह रिकॉर्ड तोड़ दिया तो वहीं सूर्यकुमार यादव ने भी मुंबई के लिए बेहद उपयोगी पारी खेली और इस दौरान उन्होंने आईपीएल में 4000 रन भी पूरे कर लिए। सूर्या ने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया और उनसे कम पारियों में 4000 रन का आंकड़ा छू लिया।

रोहित ने एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा

लखनऊ के खिलाफ 2 छक्के लगाने के साथ ही रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर्स की लिस्ट में पांचवें नंबर पर आ गए। रोहित ने एबी को पीछे छोड़ दिया जो पहले पांचवें स्थान पर थे, लेकिन वो अब छठे नंबर पर चले गए। वैसे रोहित शर्मा मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर भी हैं। टी20 में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम पर दर्ज है।

टी20 में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर

151 – क्रिस गेल (बेंगलुरु)
149 – विराट कोहली (बेंगलुरु)
138 – क्रिस गेल (मीरपुर, ढाका)
135 – एलेक्स हेल्स (ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम)
122 – रोहित शर्मा (मुंबई विश्व कप)
120 – एबी डिविलियर्स (बेंगलुरु)

रोहित शर्मा से आगे निकले सूर्यकुमार

लखनऊ के खिलाफ अपनी पारी के दौरान सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल में 4000 रन पूरे कर लिए। सूर्यकुमार ने इस लीग में ये कमाल 145 पारियों में किया और रोहित को पीछे छोड़ दिया। रोहित ने आईपीएल में 4000 रन 147 पारियों में पूरे किए थे। इस लीग में सबसे कम पारियों में (105 पारी) ये कमाल केएल राहुल ने किया था। सूर्यकुमार ने इस मैच में 27 गेंदों पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। इस मैच में उन्होंने 28 गेंदों पर 4 छक्के और 4 चौकों के साथ 58 रन की पारी खेली।

आईपीएल में सबसे कम पारियों में 4000 रन बनाने वाले बैटर

105- केएल राहुल
112 – क्रिस गेल
114 – डेविड वार्नर
121 – फाफ डू प्लेसिस
128 – विराट कोहली
131 – एबी डिविलियर्स
140 – सुरेश रैना
140 – गौतम गंभीर
141 – शिखर धवन
144 – अजिंक्य रहाणे
145 – सूर्यकुमार यादव
147 – रोहित शर्मा