Rohit Sharma 10000 Runs, Shikhar Dhawan Most Boundaries Record: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में 13 अप्रैल की रात मुंबई इंडियंस को लगातार पांचवीं हार झेलनी पड़ी। उसे पंजाब किंग्स ने 12 रन से हराया। आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस का अब तक खाता नहीं खुला है। हालांकि, उसके कप्तान रोहित शर्मा ने पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान कई निजी उपलब्धियां अपने नाम कीं। वहीं, पंजाब किंग्स के ओपनर शिखर धवन ने भी कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

शिखर धवन आईपीएल में 800 बाउंड्री (चौके और छक्के) लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने। शिखर धवन ने आईपीएल में अब तक 197 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 34.97 के औसत और 126.85 के स्ट्राइक रेट से 5981 रन बनाए हैं। इसमें उनके 2 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं। वह आईपीएल में अब तक 673 चौके और 130 छक्के (कुल 803 बाउंड्रीज) लगा चुके हैं।

धवन मुंबई इंडियंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। आईपीएल में धवन के नाम तीन टीमों के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। इसमें रोचक यह है कि एक टीम पंजाब किंग्स है, जिसका अब वह खुद हिस्सा हैं। धवन ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अब तक 941 रन बनाए हैं। वहीं, टीम इंडिया का गब्बर पंजाब किंग्स के खिलाफ 894 रन बना चुका है।

शिखर धवन आईपीएल में सबसे ज्यादा 50+ रन बनाने के मामले में भी संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने विराट कोहली की बराबरी की। धवन आईपीएल में अब तक 47 बार 50+ रन की पारियां खेल चुके हैं। कोहली ने भी इतनी ही 50+ रन की पारियां खेली हैं। इस मामले में शीर्ष पर डेविड वार्नर हैं। वह आईपीएल में अब तक 55 बार ऐसा कारनामा कर चुके हैं।

रोहित शर्मा पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान टी20 क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बने। यही नहीं, वह आईपीएल में 500 चौके लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बने। रोहित ने मैच के दौरान 17 गेंद में 28 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके और 2 छक्के लगाए। रोहित ने मुंबई की पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर टी20 क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे किए थे।

रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में 10 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के 7वें और भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले क्रिस गेल, शोएब मलिक, कीरोन पोलार्ड, एरोन फिंच, विराट कोहली, डेविड वार्नर यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। गेल ने 463 मैच में 14562, शोएब मलिक ने 472 मैच में 11698, पोलार्ड ने 585 मैच में 11474, फिंच ने 348 मैच में 10499, कोहली ने 330 मैच में 10379, वार्नर ने 315 मैच में 10373 रन बनाए हैं। रोहित शर्मा के 362 मैच में 10003 रन हैं।