Rohit Sharma T20I record: रोहित शर्मा ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप 2024 का चैंपियन बनाया और टीम इंडिया 2013 के बाद कोई आईसीसी ट्रॉफी जीतने में सफल रही। वहीं भारत ने साल 2007 यानी 17 साल के बाद दूसरी बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव भी हासिल किया।

भारत ने साल 2007 में पहले टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था और साल 2024 में भारत ने दूसरी बार ये कमाल किया और रोहित शर्मा दोनों बार टीम इंडिया का हिस्सा रहे। साल 2007 में वो कप्तान नहीं थे, लेकिन इस बार वो टीम के कप्तान थे। वहीं साल 2007 और 2024 में टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे रोहित शर्मा ने एक अनोखा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वो भारत की तरफ से सबसे कम और ज्यादा उम्र में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ी भी बने।

रोहित ने सबसे कम और ज्यादा उम्र में T20WC खिताब जीते

भारत ने जब साल 2007 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था तब रोहित शर्मा उस टीम का हिस्सा थे और उनकी उम्र उस वक्त 20 साल 147 दिन थी। उस वक्त रोहित शर्मा टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाले भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। वहीं साल 2024 में जब रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता तब उनकी उम्र 37 साल 60 दिन थी। इसके बाद रोहित शर्मा भारत की तरफ से टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। यानी वो भारत की तरफ से सबसे कम उम्र और सबसे ज्यादा उम्र में टी20 वर्ल्ड कप टाइटल जीतने वाले खिलाड़ी बन गए।

रोहित शर्मा ने तोड़ा जोस बटलर का रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने इस सीजन में कुल 257 रन बनाए और भारत ने सभी मैच जीते। अब रोहित शर्मा टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के कप्तान के तौर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए। इससे पहले साल 2022 में ऐसा कमाल जोस बटलर ने किया था और उन्होंने कप्तान के रूप में 225 रन बनाए थे, लेकिन 257 रन के साथ रोहित ने जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। इस लिस्ट में 172 रन के साथ यूनिस खान तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने ऐसा कमाल 2009 में किया था जबकि साल 2007 में 154 रन के साथ एमएस धोनी चौथे नंबर पर हैं।

विश्व कप जीतने वाली टीम के कप्तान के तौर पर सर्वाधिक रन

257 रन – रोहित शर्मा (2024)
225 रन – जोस बटलर (2022)
172 रन – यूनिस खान (2009)
154 रन – एमएस धोनी (2007)