पिछले साल दिसंबर में कार दुर्घटना के शिकार हुए टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत चोट से तेजी से उभर रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिससे इसका अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह कितनी तेजी से रिकवर हो रहे हैं। वह अब बगैर स्टीक के चलने लगे हैं। कार दुर्घटना के बाद मुंबई में उनके घुटने की सर्जरी हुई थी।

पिछले साल दिसंबर में दिल्ली से रुढ़की जाते वक्त उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई थी। इस दौरान उनकी जान बाल-बाल बची थी। दुर्घटना कितनी गंभीर थी इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनकी कार पूरी तरह से जल गई थी। ऋषभ पंत इस दुर्घटना के कारण क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स को अपनी सेवाएं नहीं दे पा रहे हैं।

ऋषभ पंत ने इंंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो

स्टार विकेटकीपर पंत ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह पहले थोड़ी दूर तक स्टीक के सहारे चलते दिखाई देते हैं। फिर वह स्टीक को सामने खड़े व्यक्ति के पास फेंक देते हैं। इसके बाद वह बगैर सहारे चलते दिखते हैं। वीडियो में उनके दाहिने घुटने पर पट्टी अभी देखी जा सकती है। फैंस उनकी पोस्ट के बाद खुशी से चहक उठे हैं।

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में खलेगी कमी

दिल्ली कैपिटल्स ने अरूण जेटली स्टेडियम में इस सत्र का पहला मैच खेला था तब वह मैच देखने पहुंचे थे। इस दौरान वह स्टीक के सहारे चलते दिखे थे। जून में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) में भी टीम इंडिया को ऋषभ पंत की कमी खलेगी। टेस्ट क्रिकेट में विदेशों में उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा है। इस साल की शुरुआत में बॉर्डर – गावस्कर टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया को उनकी कमी खली थी। केएस भरत विकेटकीपिंग में छाप नहीं छोड़ पाए थे। ऐसे में केएल राहुल को ओवल में बतौर विकेटकीपर खिलाने की मांग हुई थी, लेकिन वह भी चोटिल हो गए हैं। इस महामुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats