कभी आखिरी ओवर में लगातार 5 छक्के लगाकर चर्चा में आए भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह फिलहाल अपनी लवस्टोरी के कारण सुर्खियों में हैं। उनका जौनपुर की मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से रिश्ता लगभग तय हो गया है। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) खत्म होने के बाद नवाबों के शहर लखनऊ में दोनों की सगाई हो सकती है। आईपीएल 2025 में रिंकू को कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते देखा जाएगा। रिंकू को कोलकाता ने 13 करोड़ में रिटेन किया था।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार अलिगढ़ के रहने वाले 27 साल रिंकू सिंह और 26 साल की प्रिया सरोज की लवस्टोरी करीब दो साल पहले शुरू हुई थी। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में रिंकू सिंह ने कोलकाता नाइट राइडर्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार 5 छक्के लगाकर जीत दिलाई। इसके बाद वह चर्चा में आए। कोलकाता नाइट राइडर्स के सीनियर क्रिकेटर के दोस्त भी बन गए।
सीनियर खिलाड़ी की शादी में मिले रिंकू और प्रिया
कुछ समय बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के उस सीनियर खिलाड़ी की दिल्ली में शादी हुई। इसमें रिंकू और प्रिया शरीक हुए और मिले। प्रिया उस क्रिकेट की पत्नी की दोस्त हैं। क्रिकेटर की पत्नी ने दोनों का परिचय कराया। दोनों की बातचीत शुरू हुई। दैनिक भास्कर ने रिंकू के परिवार से जुड़े व्यक्ति के हवाले से बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी की पत्नी और प्रिया ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। प्रिया सरोज ने यहां से बीएएलएलबी की पढ़ाई की है। पढ़ाई के दौरान दोनों दोस्त बनीं।
आईपीएल के बाद लखनऊ में सगाई हो सकती है
रिंकू के परिवार से जुड़े शख्स ने बताया कि इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और फिर आईपीएल 2025 है। फरवरी में संसद सत्र भी होगा। ऐसे में रिंकू और प्रिया व्यस्त रहने वाले हैं। आईपीएल के बाद लखनऊ में सगाई हो सकती है। शादी को सवाल पर बताया गया कि पहली बार दोनों परिवार मिले हैं। बाद में शादी की तारीख तय की जाएगी। प्रिया सरोज के बारे में जानने के लिए क्लिक करें।