भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस के क्राइम ब्रांच के मुताबिक रिंकू सिंह को मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम के गुर्गों ने धमकी दी थी। इस धमकी में उनसे 5 करोड़ फिरौती की भी मांग की गई थी। जानकारी के अनुसार यह धमकी इस साल फरवरी और अप्रैल के बीच दी गई थी। उनको मिले धमकी भरे मैसेज में उनकी प्रमोशनल टीम को निशाना बनाया गया था।
समाचार एसेंजी आईएएनएस ने मुंबई क्राइम ब्रांच के हवाले से लिखा कि, इससे पहले बाबा सिद्दिकी के बेटे जीशान सिद्दिकी को भी धमकी मिली थी। बाबा सिद्दिकी की मौत के बाद जीशान सिद्दिकी से 10 करोड़ की फिरौती की मांग की गई थी। उनको यह धमकी 19-21 अप्रैल को मिली थी। इस मामले में इंटरपोल की मदद से त्रिनिदाद एंड टेबौको से दो लोगों की गिरफ्तारी की गई है। दोनों आरोपियों के नाम मोहम्मद दिलशाद और मोहम्मद नावेद हैं। दोनों को ‘डी कंपनी’ का गुर्गा बताया गया है। इसी मामले के बाद रिंकू को भी धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
बेहद साधारण परिवार से आए रिंकू सिंह
रिंकू सिंह की बात करें तो वह अलीगढ़ के मामूली से परिवार से आए थे। उनके पिता सिलेंडर सप्लाई करने का काम करते थे। उनका बचपन बेहद ही साधारण था। मगर आईपीएल में केकेआर के लिए जब से उन्होंने आखिरी ओवर में पांच छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई थी, उनकी तब से किस्मत बदल गई। आज वह टीम इंडिया के बड़े खिलाड़ी हैं। वह हाल ही में एशिया कप 2025 में विजेता टीम के भी हिस्सा थे।
सपा सांसद से हो रही शादी
रिंकू सिंह ने हाल ही में समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से सगाई भी की थी। जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। ऐसे में रिंकू सिंह का फेम देखें तो वो निश्चित ही काफी बढ़ चुका है। लेकिन अंडरवर्ल्ड की यह धमकी भारतीय क्रिकेटर के लिए चिंताजनक है। हालांकि, यह धमकी रिंकू की टीम को क्यों भेजी गई इस पर अधिक जानकारी का इंतजार है।