भारत अपना 75वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह उस दिन का प्रतीक है जिस दिन देश का संविधान लागू हुआ। नागरिकों ने इस विशेष अवसर का जश्न मनाया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुबह 8 बजे कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस साल इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों रहे। इस अवसर पर शुभकामनाएं देने के लिए अतीत और वर्तमान की कई खेल हस्तियों ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम का सहारा लिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी शुक्रवार को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

भारत रत्न और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लिखा, ‘आज हम गणतंत्र के रूप में 74 साल पूरे कर रहे हैं। हम हर साल और अधिक समृद्ध होते रहें। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’ छह ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने कहा, ‘अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करना हमेशा सम्मान की बात है।’

हर धड़कन देश के लिए: साइना नेहवाल

ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय शटलर साइना नेहवाल ने लिखा, ‘हर धड़कन के साथ राष्ट्र की सेवा करने की भावना। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं!’ खेल रत्न पहलवान बजरंग पूनिया ने लिखा, समस्त देशवासियों को राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जय हिंद।’ बीसीसीआई ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।’

भारतीय होने पर गर्व: सूर्यकुमार यादव

विश्व के नंबर 1 टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने राष्ट्र को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि उन्हें ‘भारतीय होने पर गर्व है।’ सूर्यकुमार ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘एक अवर्णनीय अहसास! आप सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! एक भारतीय होने पर बहुत गर्व है।’ आईसीसी एकदिवसीय विश्व कप 2023 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज मोहम्मद शमी ने कहा, ‘भारतीय होने का गौरव आपके हृदय को खुशी और कृतज्ञता से भर देता है। आपको और आपके परिवार को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।’

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता शटलर पीवी सिंधु ने लिखा, ‘75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! आज एक संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी और लोकतांत्रिक राष्ट्र को आकार देने वाले भारत के संविधान के लागू होने की वर्षगांठ है। मुझे इस अतुलनीय राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने और इसके झंडे को ऊंचा फहरता हुए देखने का सौभाग्य मिला है। उम्मीद है कि मैं कई वर्षों तक ऐसा ही करती रहूंगी।’

विविधता में एकता का सम्मान करें: सुरेश रैना

क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय सुरेश रैना ने लिखा, ‘आज हमारे गणतंत्र दिवस के 74 साल पूरे हो गए! इस विशेष दिन पर आइए विविधता में एकता को अपनाते हुए अपने राष्ट्र का सम्मान करें। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं!’ अजिंक्य रहाणे ने लिखा, ‘उस दिन का जश्न मना रहा हूं जिसने इस महान राष्ट्र की नींव और रूपरेखा तैयार की। गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं!’

सभी एक राष्ट्र का हिस्सा: मोहम्मद कैफ

तीरंदाज शीतल ने लिखा, ‘आप सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं।’ जय शाह ने लिखा, ‘आनंदमय गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं! कामना है कि राष्ट्रीय ध्वज गर्व से लहराता रहे, जो हमारे लोकतंत्र के लचीलेपन और एक संपन्न भारत की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है।’ मोहम्मद कैफ ने लिखा, ‘गणतंत्र दिवस की परेड देखना हमेशा आपको गौरवान्वित महसूस कराता है। अनेक राज्य, अनेक संस्कृतियां लेकिन सभी एक राष्ट्र का हिस्सा हैं।’