आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चल रहे मुकाबले में आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने एक कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। दरअसल, विराट ने आईपीएल में सिंगल वेन्यू पर 2500 रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और कोहली ऐसा करने वाले इस टूर्नामेंट के पहले बल्लेबाज बने हैं। दिल्ली के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी की टीम से कोहली पारी की शुरुआत करने आए और उन्होंने जैसे ही 11 रन पूरे किए वैसे ही उन्होंने इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया। आपको बता दें कि विराट कोहली 34 गेंदों में 50 रन बनाकर आउट हुए हैं। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया।

धोनी और रोहित भी नहीं कर पाए यह कारनामा

विराट कोहली ने आईपीएल इतिहास में वो कारनामा कर दिया है जो अभी तक कोई भी भारतीय या विदेशी खिलाड़ी नहीं कर पाया है। यहां तक कि धोनी और रोहित शर्मा भी इस रिकॉर्ड से बहुत दूर हैं। विराट कोहली आईपीएल में किसी एक स्थान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। बात करें आईपीएल में उनके रिकॉर्ड की तो विराट कोहली 228 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 35 से ज्यादा की औसत से 6869 रन बनाए हैं। इसी सीजन में कोहली अभी तक तीन हाफ सेंचुरी जड़ चुके हैं।

7000 रन पर टिकी हैं कोहली की निगाहें

आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विराट कोहली ने 2016 के सीजन में सबसे ज्यादा 973 रन बनाए थे। कोहली ने आईपीएल में 113 के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 शतक और 46 अर्द्धशतक भी लगाए हैं। विराट कोहली की निगाहें अब आईपीएल में 7000 रन के आंकड़े पर टिकी हैं जो उनके हालिया फॉर्म को देखते हुए बिल्कुल भी मुश्किल नहीं लग रहा। विराट कोहली का साल 2022 उनके करियर का सबसे बुरा साल था। कोहली ने पिछले आईपीएल सीजन में 16 मैचों में 22.73 की औसत से केवल 341 रन ही बनाए थे।

IPL Teams 2023
IPL 2023 Schedule
IPL Points Table
IPL Stats