आईपीएल 2023 में आज एक हाईवोल्टेज मुकाबला है। बैंगलौर के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स से भिड़ेगी। एकबार फिर हर किसी की निगाहें सीएसके के कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी पर रहने वाली हैं। आरसीबी के होम ग्राउंड पर आज अधिकतर फैंस चेन्नई के सपोर्टर होंगे और उसकी वजह है धोनी का मैदान पर उतरना। जी हां, धोनी आज मैदान पर खेलने उतरेंगे इस बात की संभावनाएं अब और बढ़ गई हैं, क्योंकि धोनी मैच से पहले नेट में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए।

नेट में धोनी ने की लंबे-लंबे छक्के मारने की प्रैक्टिस

सोशल मीडिया पर धोनी के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें धोनी ना सिर्फ नेट में प्रैक्टिस कर रहे हैं बल्कि वो लंबे-लंबे छक्के मारने का अभ्यास कर रहे हैं। धोनी के इन वीडियोज को देखने के बाद यह माना जा रहा है कि आज अगर धोनी की बल्लेबाजी आती है तो आरसीबी के गेंदबाजों की आज खैर नहीं। आरसीबी के गेंदबाजों की आज शामत आ सकती है।

धोनी ने मैच से पहले की पावर हिटिंग

सोशल मीडिया पर एक वीडियो चेन्नई सुपर किंग्स के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है। यह वीडियो रविवार का बताया जा रहा है। वीडियो में धोनी को दमदार शॉट खेलते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान धोनी अपनी पावर हिटिंग का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। इसके अलावा एक वीडियो IPL के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है जो आज का बताया जा रहा है। इस वीडियो में भी धोनी हवाई शॉट खेलते दिख रहे हैं। वीडियो में ब्रावो समेत सीएसके के कई खिलाड़ी धोनी की बल्लेबाजी का लुत्फ उठा रहे हैं।

आरसीबी के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं धोनी

आपको बता दें कि आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ही हैं। धोनी ने आईपीएल में 34 मैचों में 849 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने बल्ले से 46 छक्के जड़े हैं। धोनी मौजूदा सीजन में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और अब तक अपनी तीन पारियों में 58 रन और 6 गगनचुंबी छक्के जड़ चुके हैं।