इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में रविचंद्रन अश्विन और युवा ऑलराउंडर रियान पराग एक ही टीम राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। आईपीएल 2022 के क्वालिफायर वन के दौरान रविचंद्रन अश्विन और खुद के बीच गलतफहमी के कारण रियान पराग रन आउट हो गए थे। रन आउट के बाद रियान पराग की नजरों में अश्विन के लिए गुस्सा साफ झलक रहा था। अब राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी रियान पराग ने Rooter पर एक गेमिंग स्ट्रीम के दौरान बताया कि उस घटना के बाद अश्विन ने उनसे माफी मांगी थी। रियान पराग ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मैच के दौरान हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज से हुई मुंहाचाई पर अपनी बात रखी।

कोलकाता के ईडन गार्डंस में क्वालिफायर-1 के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ पारी के आखिरी ओवर में दो रन आउट देखे। इसमें रियान पराग का आउट होना काफी विचित्र था। दरअसल, मैच की आखिरी गेंद थी। रियान पराग ने अश्विन को स्ट्राइक दी। गेंदबाज यश दयाल ने वाइड गेंद फेंकी। जैसे ही गेंद वाइड हुई दूसरे छोर पर खड़े रियान पराग स्ट्राइकिंग एंड पर पहुंच गए, लेकिन अश्विन अपने एंड पर भी खड़े रहे। इस बीच, ऋद्धिमान साहा ने गेंद फील्ड कर यश दयाल की ओर फेंकी और उन्होंने रियान पराग को आसानी से रन आउट कर दिया। रियान पराग पवेलियन की ओर चल दिया, लेकिन उनके चेहर की तमतमाहट देखकर कहा जा सकता था कि वह अश्विन से खुश नहीं हैं। रियान पराग वैसे भी मैदान पर अपनी भावना दिखाने से नहीं कतराते हैं।

उन्होंने इस घटना के बारे में खुल कर बात की। उन्होंने कहा कि अश्विन को सिंगल के लिए दौड़ना चाहिए था क्योंकि उनके सामने नॉन-स्ट्राइकर छोर पर कोई टैलेंडर नहीं था। उन्होंने यह भी कहा कि सीनियर खिलाड़ी ने बाद में माफी भी मांगी। रियान पराग ने कहा, ‘अगर अश्विन टैलेंडर के साथ बल्लेबाजी कर रहे होते तो उनका यह कदम ठीक रहता। जब मैं बल्लेबाजी कर रहा होता हूं तो उन्हें दौड़ना चाहिए था।’

रियान पराग ने कहा, ‘अश्विन के नहीं दौड़ने पर मैं चौंक गया। मैंने बस एक बार उन्हें देखा और पवेलियन की ओर लौट लिया। बाद में अश्विन मेरे पास आए और सॉरी कहा, क्योंकि वह उस समय कुछ सोच रहे थे और दौड़े नहीं थे। हालांकि, आप सब बस कुछ भी बना देंगे, जैसे रियान पराग ने रविचंद्रन अश्विन को ‘कातिल निगाहों से घूरा,’ आदि।

रियान पराग ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल के साथ अपनी बहुचर्चित लड़ाई के बारे में भी बात की। असम के 20 साल के रियान पराग ने हर्षल के आखिरी ओवर में 18 रन पर बटोरे थे। इसके बाद पारी के अंत में एक मौखिक विवाद हुआ। रियान पराग ने खुलासा किया कि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के बचकाने व्यवहार ने उन्हें उकसाया था।

रियान पराग ने कहा, ‘पिछले साल, जब हम आरसीबी के खिलाफ खेल रहे थे, तब हर्षल पटेल ने मुझे आउट किया था। मैं पवेलियन लौट रहा था, तभी उसने हाथ का इशारा करते हुए मुझे जाने के लिए कहा। मैंने तब उसे ऐसा करते नहीं देखा। जब मैं होटल आया तब रिप्ले में देखा। यह मेरे दिमाग में तब से अटकी हुई थी। अब, जब मैंने आखिरी ओवर में उसे (हर्शल) मारा, तब मैंने भी वही इशारा किया। मैंने कुछ नहीं कहा, मैंने गाली नहीं दी। लेकिन फिर, सिराज ने मुझे बुलाया। हर्षल ने कुछ नहीं कहा।’

रियान पराग ने कहा, ‘जब पारी खत्म हुई तो सिराज ने फोन किया और कहा, अरे, इधर आओ, इधर आओ। तुम बच्चे हो, बच्चे की तरह व्यवहार करो। मैंने उससे कहा, भैया, आप के लिए मैं कुछ नहीं कह रहा हूं। तब तक, दोनों टीमों के खिलाड़ी आ गए और वह बात वहीं खत्म हो गई। बाद में, हर्षल ने मुझसे हाथ नहीं मिलाया। जो मुझे लगी कि यह उनकी अपरिपक्वता थी।’