बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की फिल्म ’83’ बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। फिल्म 24 दिसंबर 2021 को रिलीज हुई। फैंस और फिल्म क्रिटिक्स ने फिल्म में मौजूद सभी एक्टर्स की एक्टिंग की काफी तारीफ की है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा पंकज त्रिपाठी, हार्डी संधू जैसे कलाकार भी हैं। हार्डी संधू ने मदनलाल का किरदार निभाया है।

कई कलाकारों में एक ऐसा भी अभिनेता है, जिसे बचपन में उनके पिता ने क्रिकेट बैट पकड़ने तक के लायक नहीं समझा था, लेकिन अब उन्होंने पर्दे पर अपने पिता के किरदार को बखूबी निभाया है। यह कोई और नहीं, बल्कि संदीप पाटिल के बेटे चिराग पाटिल हैं।

चिराग पाटिल ने एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में खुद बताया था कि बचपन में जब वह पहले दिन क्रिकेट खेलने गए थे, तब ही उनके डैड ने कहा था कि मैं जिंदगी में क्रिकेट नहीं खेल पाऊंगा, इसलिए कुछ और कर ले।

एंकर के कारण पूछने पर चिराग ने जवाब दिया, ‘पता नहीं उनको कुछ दिखा होगा। मुझे शौक भी नहीं था उतना।’ चिराग इतना ही कह पाए थे कि तभी शो में मौजूद संदीप पाटिल अपनी जगह से उठे और कहने लगे, ‘…शौक नहीं था, क्यों, एक कोच जब देखता है तो वह समझ जाता है। अगर आप का लड़का प्रैक्टिस के लिए बिल्कुल बुझे मन से, बल्ला पीछे की ओर खसीटता हुआ निकले तो कोच क्या बोलेगा? अरे लड़के में प्रैक्टिस के लिए जाते समय थोड़ा जोश होना चाहिए। इनकी तरह नहीं जाता था। इसलिए मैंने कहा था, तू कभी क्रिकेटर नहीं बन सकता।’

अब बोलने की बारी चिराग पाटिल की थी। उन्होंने कहा, ‘…लेकिन जब आप फिल्म देखेंगे तो मुझमें संदीप पाटिल ही दिखेंगे। इनका वॉक (मैदान या प्रैक्टिस पर जाने के दौरान का अंदाज) दिखेगा।’ फिर हंसते हुए कहा, ‘…और वैसे इनका शाम का वॉक अलग है।’

इसके बाद चिराग पाटिल ने सेट पर ही पिता की तरह बैट पकड़ा और उन्हीं की तरह स्टॉंस लिया। इसके बाद संदीप पाटिल की तरह ‘कवर ड्राइव’ लगाया। शो के दौरान दिवंगत क्रिकेटर यशपाल शर्मा के लिए 1983 वर्ल्ड कप के हीरो समेत सभी ने दो मिनट का मौन रखा।

संदीप पाटिल (Sandeep Patil) की गिनती भारतीय क्रिकेट टीम के मिडिल ऑर्डर के विस्फोटक बल्लेबाजों में की जाती थी। 18 अगस्त को 1956 में बॉम्बे (अब मुंबई) में जन्में संदीप पाटिल को क्रिकेट विरासत में मिला था। संदीप पाटिल के पिता मधुसूदन पाटिल फर्स्ट क्लास क्रिकेटर होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी भी थे। वह टीम इंडिया के सेलेक्टर भी रह चुके थे।

क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद संदीप पाटिल भारतीय सीनियर टीम और भारत ए टीम के कोच भी रहे। वह केन्या के भी कोच रहे। संदीप पाटिल के मार्गदर्शन में केन्या की टीम 2003 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही थी। संदीप पाटिल ने भी बॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाई थी। हालांकि, फिल्मों में उनका करियर कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने ‘कभी अजनबी थे’ में अभिनेत्री पूनम ढिल्लन और देबश्री रॉय के साथ काम किया था।