Ranji Trophy 2023-24: ऐसा नहीं है कि कोहरे और ठंड का यातायात पर फर्क पड़ा है। ट्रेनें देरी से चल रही हैं। सड़क मार्ग पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है। खेलों पर भी असर पड़ा है। इन दिनों रणजी ट्रॉफी के मुकाबले चल रहे हैं। इसी क्रम में तीसरे दौर में उत्तर प्रदेश का बिहार और पंजाब का त्रिपुरा से मुकाबला था। हालांकि, खराब मौसम के कारण दोनों ही मुकाबलों का नतीजा नहीं निकल पाएगा।
दरअसल, दोनों ही मुकाबलों में सिर्फ एक ही टीम बल्लेबाजी कर पाई और खेल का ज्यादातर समय खराब रोशनी के कारण बर्बाद हो गया। पहले उत्तर और बिहार के बीच मैच की बात करते हैं। यह मैच मेरठ स्थित विक्टोरिया पार्क स्टेडियम में खेला गया। मैच का पहला दिन खराब रोशनी के कारण बर्बाद हो गया। टॉस तक नहीं हो पाया।
यूपी-बिहार के मैच में दूसरे दिन हुआ टॉस
दूसरे दिन टॉस हुआ। उत्तर प्रदेश के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। हालांकि, दूसरे दिन भी सिर्फ 48 ओवर का ही खेल हो पाया। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय बिहार का स्कोर 3 विकेट पर 126 रन था। तीसरा दिन खराब रोशनी की भेंट चढ़ा। तीसरे दिन सिर्फ 31.1 ओवर का खेल हुआ। स्टम्प्स के समय बिहार का स्कोर 79.1 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन था। चौथे दिन भी देर से खेल शुरू हुआ।
पंजाब-त्रिपुरा के मुकाबले का भी यही हाल
पंजाब और त्रिपुरा का मैच मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच की स्थिति कमोबेश यूपी बनाम बिहार जैसे मैच की तरह रही। पहले दिन खराब रोशनी के कारण टॉस तक नहीं हो पाया। दूसरे दिन त्रिपुरा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लेकिन सिर्फ 30 ओवर का ही खेल हो पाया। खेल खत्म होने के समय पंजाब का स्कोर 7 विकेट पर 78 रन था। तीसरा दिन खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। एक भी गेंद का खेल नहीं हो पाया। चौथे दिन का खेल भी खराब रोशनी की भेंट चढ़ गया।
पॉइंट्स टेबल पर क्या पड़ेगा फर्क?
उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमें रणजी ट्रॉफी 2023-24 में एलीट ग्रुप बी में हैं। उत्तर प्रदेश ने 2 मैच खेले हैं। वह 4 अंक के साथ 5वें नंबर पर है। बिहार ने भी 2 मैच खेले हैं। वह 1 अंक के साथ 7वें नंबर पर है। बिहार के मुकाबले उत्तर प्रदेश मजबूत टीम मानी जाती है। यदि मौसम की मार नहीं पड़ती और मैच पूरा होता तो संभव है कि उत्तर प्रदेश के नाम एक और जीत दर्ज हो जाती। उस स्थिति में यूपी के खाते में 6 अंक जुड़ जाते और वह संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच जाती। अब उसे सिर्फ 3 अंकों से संतोष करना होगा।
पंजाब ने नहीं जीता अब तक 1 भी मैच
पंजाब और त्रिपुरा की टीमें रणजी ट्रॉफी 2023-24 के एलीट ग्रुप सी में हैं। त्रिपुरा के 2 मैच में 10 अंक हैं। वह अभी पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। पंजाब के 2 मैच में एक अंक हैं। उसने एक मैच गंवाया और एक ड्रॉ खेला (पहली पारी में बढ़त गंवाई थी इसलिए 1 अंक ही मिला) है। यदि वह यह मैच जीत जाती तो उसके खाते में 6 अंक जुड़ जाते और वह टॉप-4 में पहुंच जाती। हालांकि, अब उसे 3-3 अंक बांटने होंगे। इस तरह उसके कुल 4 अंक ही होंगे और वह टॉप-5 से नीचे ही रहेगी।