रणजी ट्रॉफी 2022 (Ranji Trophy 2022) में लगातार युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में एक नया नाम और सामने आया है अरमान जाफर का। जिन्होंने ओडिशा के खिलाफ मुंबई के थर्ड राउंड मैच में शानदार 125 रनों की पारी खेली। खास बात यह थी कि उनके अंकल वसीम जाफर ओडिशा के कोच हैं। उन्होंने अपने अंकल वसीम जाफर की टीम के खिलाफ शतकीय पारी खेली।
अरमान जाफर के साथ सरफराज अहमद ने भी इस सीजन का दूसरा शतक लगाते हुए 165 रन बनाए। इससे पहले फर्स्ट राउंड के मैच में सौराष्ट्र के खिलाफ सरफराज ने 275 रनों की बेहद शानदार पारी खेली थी। मौजूदा मुकाबले की बात करें तो अरमान और सरफराज ने मुंबई को ओडिशा पर विशाल बढ़त दिलाई। दोनों ने 76 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया और 277 रनों की पार्टनरशिप की।
अजिंक्य रहाणे पहली गेंद पर आउट
श्रीलंका सीरीज के लिए टीम से बाहर किए गए सीनियर भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे सौराष्ट्र के खिलाफ पहल मैच में शतक लगाने के बाद फिर से फेल हुए हैं। इस बार ओडिशा के खिलाफ वह पहली गेंद पर ही राजेश मोहंती का शिकार हो गए। उन्होंने अभी तक इस सीजन की कुल चार पारियों में 185 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक, एक अर्धशतक और दो डक शामिल हैं।
सरफराज खान ने बनाए 551 रन
मुंबई के मिडिल ऑर्डर बैट्समैन सरफराज खान का शानदार प्रदर्शन इस सत्र में देखने को मिल रहा है। सौराष्ट्र के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने 275 के बाद गोवा के खिलाफ 63 और 48 रन बनाए थे। इसके बाद यहां ओडिशा के खिलाफ भी उन्होंने 165 रन बनाए। इसी के साथ वह अभी तक कुल चार पारियों में दो शतक के साथ 551 रन बना चुके हैं।
गौरतलब है कि मुंबई ने सौराष्ट्र के खिलाफ पहला मुकाबला ड्रॉ खेला था। इसके बाद दूसरे मुकाबले में सबसे ज्यादा बार रणजी चैंपियन बनने वाली टीम ने गोवा को मात दी थी। इस मुकाबले में ओडिशा के खिलाफ भी मुंबई विशाल बढ़त की ओर जाता दिख रहा है। पहले खेलते हुए ओडिशा 284 पर ऑलआउट हो गई थी और लंच तक मुंबई ने 5 विकेट पर 401 रन बनाते हुए 117 रन की लीड ले ली थी।