World Record In First Class Cricket: बिहार के 22 साल के क्रिकेटर सकीबुल गनी (Sakibul Gani) ने 18 फरवरी 2022 को वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। वह प्रथम श्रेणी मैच के पदार्पण मुकाबले में तिहरा शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।
उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2021-22 में बिहार की ओर से खेलते हुए मिजोरम के खिलाफ मैच में 405 गेंद में 341 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 56 चौके और 2 छक्के लगाए। उन्होंने 387 गेंद में अपना तिहरा शतक पूरा किया। उन्होंने तिहरा शतक तक पहुंचने में 50 चौके लगाए।
सकीबुल गनी से पहले यह रिकॉर्ड अजय रोहेरा (Ajay Rohera) के नाम था। उन्होंने मध्य प्रदेश की ओर से खेलते हुए 6 दिसंबर 2018 को रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। उन्होंने डेब्यू मैच में नाबाद 267 रन की पारी खेली थी।
अजय ने तब अमोल मजूमदार का 1994 में बना रिकॉर्ड तोड़ा था। तब अमोल मजूमदार ने 260 रन बनाए थे। इस सूची में चौथे नंबर पर अफगानिस्तान के बाहिर शाह हैं। बाहिर शाह (Bahir Shah) ने 2017 में अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच में नाबाद 256 रन बनाए थे। पांचवें नंबर पर साउथ अफ्रीका के एरिक मार्क्स (Eric Marx) हैं। एरिक मार्क्स ने 1920 में अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच में 240 रन बनाए थे।
मोतिहारी में दो सितंबर 1999 को जन्में सकीबुल गनी ने 17 फरवरी 2022 को ही रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया था। सकीबुल जब बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए थे, तब बिहार का स्कोर 22.4 ओवर में 3 विकेट पर 71 रन था। इसके बाद सकीबुल गनी ने बाबुल कुमार के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 538 रन की साझेदारी की।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय मिजोरम ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 40 रन बनाए थे। तरुवर कोहली 11 और उदय कौल 4 रन बनाकर नाबाद थे। इससे पहले बिहार ने 159.4 ओवर 5 विकेट पर 686 रन के स्कोर पर पारी घोषित की। बाबुल कुमार 229 और विकेटकीपर बिपिन सौरभ 50 रन बनाकर नाबाद थे। रणजी ट्रॉफी का यह मुकाबला कोलकाता स्थित जाधवपुर यूनिर्विसटी कैंपस 2 ग्राउंड में 20 फरवरी 2022 तक खेला जाना है।
सकीबुल गनी ने इससे पहले 14 लिस्ट ए और 11 टी20 मुकाबले खेले थे। उन्होंने लिस्ट ए मैचों में 31.41 के औसत से 377 रन बनाए थे। इसमें उनका एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल है। उनका हाइएस्ट 114 रन था। उन्होंने टी20 मुकाबलों में 27.42 के औसत से 192 रन बनाए थे। टी20 में उनका हाइएस्ट स्कोर नाबाद 53 रन है।