मुंबई ने गुरुवार 9 जून 2022 को अलूर में रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के चौथे दिन उत्तराखंड को 725 रन के विशाल अंतर से रौंद दिया। इसके साथ ही उसने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे बड़े अंतर से जीत दर्ज करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया। मुंबई ने न्यू साउथ वेल्स के 92 साल पुराने शेफील्ड शील्ड के रिकॉर्ड को तोड़ा। न्यू साउथ वेल्स ने तब क्वींसलैंड को 685 रन से हराया था। रणजी ट्रॉफी में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत का पिछला रिकॉर्ड बंगाल के नाम था। उसने 1953-54 में ओडिशा को 540 रन से हराया था।

मुंबई की अब सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश से भिड़त होनी है। उधर, मुंबई के विश्व रिकॉर्ड से एक दिन पहले बंगाल ने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में झारखंड के खिलाफ एक पारी में सर्वाधिक नौ बल्लेबाजों के 50 या इससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। बंगाल की टीम भी सेमीफाइनल की राह पर है। बंगाल ने चौथे दिन यानी 9 जून 2022 का खेल खत्म होने के समय तक झारखंड के खिलाफ 551 रन की बढ़त हासिल कर ली थी।

आखिरी दिन झारखंड का इतने रन बना पाना लगभग असंभव ही है। ऐसे में पहली पारी की बढ़त बंगाल को सेमीफाइनल में पहुंचाने में मददगार साबित होगी। उधर, कुमार कार्तिकेय की गेंदबाजी के दम पर मध्य प्रदेश ने पंजाब के खिलाफ 10 विकेट से जीत हासिल की और सेमीफाइनल में जगह पक्की की। रणजी ट्रॉफी 2021-22 के पहले सेमी फाइनल में मध्य प्रदेश के सामने बंगाल की टीम हो सकती है।

बेंगलुरु के जस्ट क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर झारखंड ने मैच के पहले दिन टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। बंगाल ने पहली पारी में 218.4 ओवर में 7 विकेट पर 773 रन बनाए। उसकी ओर से बल्लेबाजी करने उतरी सभी 9 बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए। झारखंड की टीम पहली पारी में 96 ओवर में 298 रन पर ऑलआउट हो गई। बंगाल ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में 31 ओवर में 3 विकेट पर 76 रन बना लिए थे।

उत्तराखंड के खिलाफ मैच में पहले दिन से ही दबदबा बनाने वाले 41 बार के रणजी चैंपियन मुंबई ने दूसरी पारी तीन विकेट पर 261 रन बनाकर घोषित की। इस तरह उत्तराखंड को 794 रन का लक्ष्य मिला। हालांकि, पहली पारी में 114 रन पर ऑलआउट हुई उत्तराखंड की टीम दूसरी पारी में 69 रन पर ढेर हो गई। मुंबई की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी ने 11 रन देकर 3 विकेट चटकाए।

बाएं के स्पिनर शम्स मुलानी (15 रन पर 3 विकेट) और ऑफ स्पिनर तनुष कोतियान (13 रन पर तीन विकेट) ने भी अहम भूमिका निभाई। उत्तराखंड की ओर से शिवम खुराना (नाबाद 25) और कुणाल चंदेला (21) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। उत्तराखंड के 5 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। मुंबई ने डेब्यू करने वाले सुवेद पारकर (252) के दोहरे शतक के दम पर पहली पारी 8 विकेट पर 647 रन बनाकर घोषित की थी। सुवेद को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

अलूर के केएससीए क्रिकेट ग्राउंड 3 पर खेले गए मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी। उसकी पहली पारी 71.3 ओवर में 219 रन पर ऑलआउट हुई। मध्य प्रदेश ने पहली पारी में 154.5 ओवर में 10 विकेट पर 397 रन बनाए। पंजाब की टीम दूसरी पारी 68.4 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह मध्य प्रदेश को जीत के लिए 26 रन लक्ष्य मिला, जो उसने 5.1 ओवर में बिना विकेट खोए हासिल कर लिया।

उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 5 विकेट से हराकर 8 जून 2022 को ही सेमीफाइनल में जगह बना ली थी। गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बाद कप्तान करण शर्मा के नाबाद अर्धशतक की मदद से उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में कर्नाटक के खिलाफ अपनी पहली जीत हासिल की थी। कर्नाटक ने पहली पारी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ 98 रन की बढ़त हासिल की थी।

हालांकि, दूसरी पारी में कर्नाटक की टीम सौरभ कुमार (36 रन पर 3 विकेट), अंकित राजपूत (15 रन पर 2 विकेट) और यश दयाल (35 रन पर 2 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 114 रन पर ढेर हो गई। उत्तर प्रदेश को इस तरह 213 रन का लक्ष्य मिला। उसने 65.2 ओवर में पांच विकेट पर 213 रन बनाकर हासिल कर लिया।

उत्तर प्रदेश की टीम भी एक समय 114 रन पर पर पांच विकेट गंवाने के बाद संकट में थी, लेकिन कप्तान करण (नाबाद 93) और प्रिंस यादव (नाबाद 33) ने छठे विकेट के लिए 99 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। करण ने 163 गेंद में 13 चौके और एक छक्का लगाया। प्रियम गर्ग ने 60 गेंद में 52 रन की उम्दा पारी खेली। प्रियम गर्ग ने अपनी पारी के छह चौके और दो छक्के लगाए। कर्नाटक ने पहली पारी में 253 रन बनाए थे। उत्तर प्रदेश पहली पारी में 155 रन ही बना पाया था।