रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) 2021-22 में लीग चरण में 57 मैच खेले जाने हैं। इनमें से 38 टेस्ट हो चुके हैं। अब तक हुए मुकाबलों की बात करें तो प्लेट ग्रुप में नगालैंड (Nagaland) पहले, मणिपुर (Manipur) दूसरे और बिहार (Bihar) तीसरे नंबर पर है।
वहीं, एलीट ग्रुप ए में मध्यप्रदेश, एलीट ग्रुप बी में बंगाल, एलीट ग्रुप सी में कर्नाटक, एलीट ग्रुप डी में मुंबई, एलीट ग्रुप ई में उत्तराखंड, एलीट ग्रुप एफ में पंजाब, एलीट ग्रुप जी में महाराष्ट्र और एलीट ग्रुप एच में छत्तीसगढ़ शीर्ष पर है।
वैसे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले की सूची में प्लेट ग्रुप की टीमों के बल्लेबाजों का जलवा है। इस सूची के शीर्ष-5 में से तीन बल्लेबाज प्लेट ग्रुप की टीमों बिहार, मिजोरम और सिक्किम के हैं। इस सूची में शीर्ष पर बिहार के सकीबुल गनी हैं। सकीबुल गनी ने इस सीजन ही रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया है। उन्होंने डेब्यू मैच में ही तिहरा शतक ठोककर इतिहास रचा था।
सकीबुल गनी (Sakibul Gani) ने अपने दूसरे मैच की दूसरी पारी में नाबाद शतक लगाया था। वह पहली पारी में 2 रन से शतक लगाने से चूक गए थे। सकीबुल गनी ने अब तक 2 मैच की 3 पारियों में 270 के औसत से 540 रन बनाए हैं। इसमें उनके 2 शतक शामिल हैं। उन्होंने 2 मैच में कुल 92 चौके और 2 छक्के लगाए हैं।
दूसरे नंबर पर मुंबई के मध्यक्रम के बल्लेबाज सरफराज खान (Sarfaraz Khan) हैं। उन्होंने 2 मैच में 128.66 के औसत से 386 रन बनाए हैं। इसमें उनका एक शतक भी है। तीसरे नंबर पर मिजोरम के तरुवर कोहली (Taruwar Kohli), चौथे पर सिक्किम के क्रांति कुमार (Kranthi Kumar) और पांचवें नंबर पर केरल के रोहन कुन्नूमाल (Rohan Kunnummal) हैं।
कोहली, क्रांति कुमार और रोहन ने क्रमशः 2-2 मैच में 343, 342 और 342 रन बनाए हैं। रोहन कुन्नूमाल ने 3 पारियों में 3 शतक लगाए हैं। केरल की टीम ग्रुप में दूसरे नंबर पर है। उसने अपने दोनों मैच में जीत हासिल की है।
गेंदबाजी की बात करें तो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में नहीं बिके मुंबई के शम्स जाकिर मुलानी (Shams Zakir Mulani) हैं। महाराष्ट्र के रायगढ़ में 13 मार्च 1997 को जन्में शम्स ने अब तक 2 मैच में 22 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने दोनों मैच में 10-10 से ज्यादा विकेट लिए। हालांकि, मुंबई के इस ऑलराउंडर को थोड़े समय के लिए अक्षर पटेल के कोविड-19 रिप्लेसमेंट के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में शामिल किया गया था।
दूसरे नंबर पर जम्मू-कश्मीर के परवेज रसूल (Parvez Rasool) हैं। परवेज रसूल ने 16.78 के औसत से 14 विकेट लिए हैं। विदर्भ के आदित्य आनंद सरवटे (Aditya Anand Sarwate), उत्तराखंड के मयंक मिश्रा (Mayank Mishra) और पंजाब के बलतेज सिंह (Baltej Singh) क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर हैं। आदित्य ने 14, जबकि मयंक और बलतेज ने 13-13 विकेट लिए हैं। तीन से 6 मार्च 2022 के बीच रणजी ट्रॉफी के लीग चरण के बचे 19 मुकाबले खेले जाने हैं।
