भारत के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2025 का आगाज बुधवार 15 अक्टूबर से हुआ था। इस पहले राउंड के एलीट मुकाबलों में जम्मू एंड कश्मीर का सामना मुंबई की टीम से हो रहा है। पहली पारी में मुंबई की टीम 386 रन बना पाई थी। जबकि दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू कश्मीर की टीम ने 7 विकेट गंवाकर 273 रन बना लिए हैं। टीम के कप्तान पारस डोगरा 112 रन बनाकर नाबाद हैं। उन्होंने इस पारी के साथ अपने 10 हजार फर्स्ट क्लास रन भी पूरे कर लिए हैं।

पारस डोगरा एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2001 में रणजी ट्रॉफी खेलना शुरू किया था। आज 40 की उम्र में भी 24 साल बाद भी वह इस टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। उन्होंने उम्रदराज होने के बावजूद अपना शानदार खेल जारी रखा है। जम्मू कश्मीर की टीम के वह कप्तान भी हैं और उन्होंने मुंबई के खिलाफ मौजूदा रणजी ट्रॉफी मुकाबले में शानदार शतक जड़ा है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक वह नाबाद भी हैं। यानी अपनी 112 रन की पारी को वह और आगे तक ले जा सकते हैं। यह उनका 144वां फर्स्ट क्लास मैच है।

पारस डोगरा के आंकड़े बेहद शानदार

पारस डोगरा की बात करें तो उनके आंकड़े बेहद शानदार हैं। वह ऐसे चुनिंदा खिलाड़ी हैं जो कभी भारतीय टीम के लिए नहीं खेले हैं लेकिन उनके नाम 10 हजार से ज्यादा फर्स्ट क्लास रन जुड़ चुके हैं। उनके रिकॉर्ड की बात करें तो अभी तक 144 मैचों में वह 10078* रन फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बना चुके हैं। वहीं रणजी ट्रॉफी के इतिहास में यह उनका 32वां शतक था। वह वसीम जाफर के बाद दूसरे स्थान पर हैं। जाफर ने रणजी ट्रॉफी में 40 शतक लगाए थे।

इस मैच की बात करें तो मुंबई के लिए स्टार बल्लेबाज मुशीर खान खाता भी नहीं खोल पाए थे। उसके बाद अजिंक्य रहाणे और आयुष म्हात्रे भी खास कमाल नहीं कर पाए। सरफराज खान भी अपनी 42 रन की पारी को खास नहीं बना सके। सिद्धेश लाड 116 और शम्स मुलानी 91 रन ने बेहतरीन पारी खेली। वहीं कप्तान शार्दुल ठाकुर अपना खाता भी नहीं खोल पाए। जम्मू कश्मीर के लिए युद्धवीर सिंह ने 5 विकेट अपने नाम किए। जम्मू कश्मीर की टीम अभी तक मुंबई के 386 रन के जवाब में 273 रन बना चुकी है। अब देखना होगा कि कप्तान पारस डोगरा टीम के लिए 113 रन और बनाने में योगदान देकर टीम को लीड दिला पाते हैं या नहीं।