राजस्थान रॉयल्स ने 15 मार्च 2022 को अपनी टीम की नई जर्सी लॉन्च की। हालांकि, उसने जर्सी लॉन्च के लिए बेहद खतरनाक इवेंट का आयोचन किया। राजस्थान रॉयल्स ने इवेंट का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया है। वीडियो देखकर अच्छे-अच्छों का कलेजा दहल जाएगा। राजस्थान रॉयल्स ने लॉन्च इवेंट के लिए ऑस्ट्रेलियाई स्टंट परफॉर्मर रॉबी मैडिसन (Robbie Maddison) की सेवाएं लीं। उन्होंने जयपुर की सड़कों पर ऐसे-ऐसे खतरनाक स्टंट दिखाए, जिसे देखकर हर कोई हैरान था।

वीडियो में दिख रहा है कि रॉबी मैडिसन एक सीक्रेट पार्सल उठाते हैं। इसके बाद वह जयपुर की तंग गलियों से होते, सड़कों पर स्टंट करते, पुलिस को छकाते हुए स्टेडियम में पहुंच जाते हैं। रॉबी मैडिसन के स्टंट यहीं नहीं रुके। वह बाइक के साथ ही सवाई मान सिंह स्टेडियम की छत पर पहुंचते हैं। उसके बाद बाइक पर बैठे-बैठे ही वहीं छलांग लगा देते हैं। सवाई मान स्टेडियम में ही राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन और संभावित उपकप्तान युजवेंद्र चहल इंटरव्यू दे रहे होते हैं।

सबसे पहले युजवेंद्र चहल रॉबी मैडिसन को स्टेडियम की छत पर बाइक के साथ देखते हैं। वह यह बात संजू सैमसन को बताते हैं। रॉबी मैडिसन के छत से नीचे आने के दौरान सैमसन, चहल और इंटरव्यू ले रहे व्यक्ति की सांसें थम सी जाती हैं। जमीन पर सुरक्षित आने के बाद रॉबी मैडिसन छत से एक सीक्रेट पॉकेट कप्तान संजू सैमसन को पकड़ाते हैं। पैकेट खोलने पर उसमें से टीम की नई जर्सी निकलती है। इस तरह राजस्थान रॉयल्स की नई जर्सी लॉन्च होती है।

बाद में संजू सैमसन ने कहा, ‘यह वास्तव में आश्चर्यजनक था। विशेष डिलीवरी के लिए साइन इन किया। रॉबी के अद्भुत स्टंट कुछ ऐसे थे, जिन्हें मैंने व्यक्तिगत रूप से पहली बार देखा है। इससे पहले सिर्फ टीवी पर ही ऐसे स्टंट देखे थे।’

बता दें, राजस्थान रॉयल्स की टीम 29 मार्च को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले जाने वाले मैच से आईपीएल 2022 में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

इस तरह से जर्सी लॉन्च इवेंट पर सोशल मीडियो पर लोगों की मिली जुली प्रतिक्रिया है। कुछ लोगों को स्टंट अच्छा लगा, लेकिन जर्सी पसंद नहीं आई। कुछ फैंस को जर्सी अच्छी लगी है। बता दें कि राजस्थान रॉयल्स आईपीएल के उद्घाटन सीजन की चैंपियन टीम है। हालांकि, उसके बाद से अब तक टीम टूर्नामेंट में अपना खास असर नहीं छोड़ पाई है।