भारतीय स्पिनर राहुल चाहर और उनकी मंगेतर ईशानी जौहर 9 मार्च 2022 को शादी के पवित्र बंधन में बंधने वाले हैं। इससे पहले दिसंबर 2019 में दोनों ने जयपुर में सगाई की थी। उस वक्त भारतीय क्रिकेटर की उम्र महज 20 साल थी। वह और ईशानी एक दूसरे को उससे पूर्व 3-4 साल से जानते थे। धीरे-धीरे दोनों की टीनेज (Teenage) फ्रेंडशिप प्यार में बदल गई।
ईशानी जौहर एक फैशन डिजाइनर हैं। पिछले करीब 6-7 साल से वह राहुल चाहर को जानती हैं। 2019 में दोनों ने अपनी दोस्ती को प्यार में बदला और एक-दूसरे से सगाई की। हालांकि कोरोना काल के कारण दोनों की शादी लंबी टल गई थी। अब फाइनली दोनों एक होने जा रहे हैं। अक्सर भारतीय लेग स्पिनर के इंस्टाग्राम पर ईशानी फोटोज में नजर आती हैं। यहां तक कि यह भी कहा जाता है कि चाहर के लंबे बालों को भी उनकी होने वाली पत्नी ने ही डिजाइन किया है।
राहुल चाहर भारतीय तेज गेंदबाज दीपक चाहर के चचेरे भाई हैं। 2019 में दीपक ने ही राहुल की सगाई के फोटोज सबसे पहले शेयर किए थे। मालती चाहर (दीपक चाहर की बहन) ने भी उस वक्त राहुल चाहर की सगाई का वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में राहुल ईशानी को गुलाब देकर प्रपोज कर रहे थे और साथ ही रिंग भी पहना रहे थे।
राहुल और ईशानी की शादी के बारे में जानकारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों गोवा के डब्ल्यू रिजॉर्ट में सात फेरे लेंगे। यहां दोनों डेस्टिनेशन वेडिंग कर रहे हैं और इसमें दोनों परिवारों के कुछ चुनिंदा लोग ही शामिल होंगे। इसके बाद 12 मार्च को राहुल चाहर और ईशानी जौहर आगरा में एक वेडिंग रिसेप्शन भी होस्ट करेंगे। यह रिसेप्शन काफी ग्रैंड होगा जिसमें भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े चेहरे नजर आ सकते हैं।
कैसा रहा राहुल चाहर का अब तक का करियर?
राहुल चाहर ने अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। इससे पहले वह आईपीएल 2018 में मुंबई इंडियंस के लिए कमाल करते नजर आए थे। नीता अंबानी की फ्रेंचाइजी ने 2018 में उन्हें 80 लाख की कीमत में शामिल किया था। 2019 में चोटिल मयंक मार्कंडे की जगह उन्हें वापस लाया गया था। इसके बाद वह 2021 तक लगातार टीम का हिस्सा रहे।
आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में राहुल चाहर को पंजाब किंग्स ने 5.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। आगामी 15वें सीजन में उन्हें प्रीति जिंटा की टीम से कमाल करते हुए देखा जाएगा। वह भारत के लिए 1 वनडे में 3 विकेट ले चुके हैं। वहीं 6 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में उनके नाम 7 विकेट दर्ज हैं। इसके अलावा आईपीएल में उन्होंने 42 मैच खेलते हुए 25.98 के औसत और 7.45 की इकॉनमी से 43 विकेट लिए हैं।