भारत और गुजरात के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल गुरुवार (10 दिसंबर) को ‘टैलेंट स्काउट’ (नई प्रतिभाओं को ढूंढने वाला) के रूप में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मौजूदा चैंपियन टीम मुंबई इंडियन्स से जुड़ गए हैं। भारत की तरफ से 25 टेस्ट, 38 एकदिवसीय और दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पार्थिव ने बुधवार (9 दिसंबर) को संन्यास लेने की घोषणा की।
मुंबई इंडियंस ने बयान में कहा, ‘‘पार्थिव को दो दशक से भी अधिक समय तक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने का अपार अनुभव है। इसके अलावा उन्हें आईपीएल प्रतियोगिता की भी अच्छी समझ है। ’’ मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने कहा कि वह पार्थिव के फ्रेंचाइजी से जुड़ने से खुश हैं। पार्थिव मुंबई के लिए 2015 से 2017 तक खेले थे। इस दौरान उन्होंने 40 मैच खेले। पार्थिव ने मुंबई के लिए 911 रन बनाए। इनमें 5 अर्धशतक भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जब वह मुंबई इंडियंस की तरफ से खेला करते थे तब हमें उनकी क्रिकेट की समझ को जानने का मौका मिला था। उन्हें क्रिकेट का गहरा ज्ञान है और इससे मैं हमारे नयी प्रतिभा खोजने के कार्यक्रम में उनके योगदान के प्रति आश्वस्त हूं। ’’ पार्थिव ने आईपीएल में 139 मैच खेले थे। इस दौरान 22.6 की औसत से 2848 रन बनाए थे। उन्होंने 13 अर्धशतक भी जड़े हैं।
पार्थिव ने कहा, ‘‘मैंने मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल का पूरा आनंद लिया था। इस चैंपियन टीम के साथ तीन साल तक बिताए गए वे पल अब भी मेरे जेहन में हैं। यह मेरी जिंदगी का नया अध्याय शुरू करने का समय है। मैं मुंबई इंडियंस प्रबंधन से मिले इस मौके को लेकर उत्साहित, आश्वस्त और आभारी हूं। ’’ मुंबई ने 2015 और 2017 में जब आईपीएल ट्राफी जीती थी तब पार्थिव उसका हिस्सा थे।