Zaid Hameed Trolled by Virender Sehwag : साल 2015 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग अक्सर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के कारण सुर्खियों में रहने लगे। अपनी अक्रामक बल्लेबाजी की तरह ट्वीट्स से भी पूर्व ओपनर फैंस का काफी मनोरंजन करते हैं। अब उन्होंने आशीष नेहरा के बहाने पाकिस्तान के राजनीतिक विश्लेषक जैद हामिद को ट्रोल किया है। जैद अक्सर भारत के खिलाफ आग उगलते हैं।

सहवाग ने गुरुवार को जैद हामिद की एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया। उन्होंने इस ट्वीट में बर्मिंघम में हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रमंडल खेलों 2022 (CWG 2022) में स्वर्ण जीतने वाले पाकिस्तान के जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम की प्रशंसा की थी। अपने ट्वीट में हामिद ने भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा की जगह आशीष नेहरा को जैवलिन थ्रोअर बता दिया। नीरज चोट के चलते खेलों से बाहर हो गए थे।

यह गलती हामिद को भारी पड़ गई। सहवाग ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हामिद को ट्रोल किया। उन्होंने लिखा, “चीचा, आशीष नेहरा फिलहाल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। चिल्ल करिए। ” हामिद ने लिखा था, “इस जीत को यह तथ्य और शानदार बनाती है कि इस पाकिस्तानी एथलीट ने भारत के जैवलिन थ्रो हीरो आशीष नेहरा को पीछे छोड़ दिया… पिछली प्रतियोगिता में आशीष ने अरशद नदीम को हराया था… बेहतरीन बदला और वापसी।”

बता दें कि भारत में जैद हामिद का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड है। सहवाग के पोस्ट के बाद यूजर्स ने भी पाकिस्तानी राजनीतिक विश्लेषक के मजे लेने लगे।नदीम ने रविवार को बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता। वह 90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले उपमहाद्वीप के पहले जैवलिन थ्रोअर बनगए।

नदीम और नीरज चोपड़ा बहुत अच्छे दोस्त हैं। भारतीय स्टार ने नदीम को गोल्ड जीतने पर बधाई दी थी। नदीम पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में पोडियम फिनिश करने से चूक गए थे। वहीं नीरज ने भारत को गोल्ड दिलाया था। बर्मिंघम खेलों से एक हफ्ते पहले वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर जीता था। ऐसे में कॉमवेल्थ गेम्स में उनसे पदक की उम्मीदें थीं, लेकिन चोट के कारण वह बाहर हो गए।