जो रूट ने मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन बुधवार (9 अक्टूबर) को एलिस्टेयर कुक के 12,472 रनों के रिकॉर्ड को तोड़कर इतिहास रच दिया। वह इंग्लैंड के सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। 33 वर्षीय रूट ने शानदार अंदाज में यह उपलब्धि हासिल की। वह पाकिस्तान के तेज गेंदबाज आमिर जमाल की गेंद पर चौका लगाकर 71 रन पर पहुंचे। उन्होंने कुक को पीछे छोड़ दिया।

रूट न केवल टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं , बल्कि वह सबसे ज्यादा टेस्ट रन के मामले में पांचवें स्थान पर भी पहुंच गए हैं। वह राहुल द्रविड़ के करीब पहुंच गए हैं। द्रविड़ के 13,288 रन हैं। दोनों में 824 रन का फासला है। रूट वर्तमान में खेल रहे खिलाड़ियों में एक मात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

सचिन तेंदुलकर (भारत) – 15,921
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) – 13,378
जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका) – 13, 289
राहुल द्रविड़ (भारत) – 13,288
जो रूट (इंग्लैंड) – 12,473

IND vs NZ: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड टीम का ऐलान, ये है फुल स्क्वाड और पूरा शेड्यूल

पिछले चार वर्षों में 17 शतक

33 वर्षीय रूट के बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। पिछले चार कैलेंडर वर्षों में से तीन में, रूट ने कम से कम 1000 रन बनाए हैं। कप्तानी छोड़ने से पहले उनके करियर में गिरावट आई थी, लेकिन रूट की रनों की भूख कभी कम नहीं हुई। पिछले चार वर्षों में 17 शतकों के साथ, रूट यकीनन आधुनिक युग के सबसे बेहतरीन टेस्ट बल्लेबाज रहे हैं। वह बिग फोर के अन्य सदस्यों विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन से काफी आगे हैं।

इंग्लैंड की बैटिंग

इंग्लैंड ने मुल्तान टेस्ट के तीसरे दिन लंच ब्रेक तक 2 विकेट पर 232 रन बना लिए थे। बेन डकेट 80 और जो रूट 72 रन बनाकर क्रीज पर थे। पाकिस्तान ने पहली पारी में 556 रन बनाए थे। डकेट उंगली टूटने के कारण ओपनिंग करने नहीं आए थे। उन्होंने ताबतोड़ बल्लेबाजी की है। कप्तान ओली पोप डक पर आउट हो गए थे। जैक क्रॉली ने 78 रन बनाए।