Pakistan vs England, 1st Test Match, 3rd Day Highlights: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन कई रिकॉर्ड बने। तीन मैच की सीरीज के पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय इंग्लैंड का पहली पारी में स्कोर 101 ओवर में 3 विकेट पर 492 रन था। जो रूट 176 रन और हैरी ब्रूक 141 रन बनाकर नाबाद थे। इंग्लैंड अब पाकिस्तान से सिर्फ 64 रन पीछे है। तीसरे दिन इंग्लैंड ने 81 ओवर में 2 विकेट पर 396 रन बनाए। तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरे हर बल्लेबाज ने पचास या उससे ज्यादा रन बनाए।
इसमें जो रूट और हैरी ब्रूक ने अपने स्कोर को बड़े शतकों में बदला। जो रूट और हैरी ब्रूक ने कई रिकॉर्ड तोड़े। उनमें से एक रिकॉर्ड यह था कि जो रूट एलिस्टेयर कुक को पीछे छोड़कर टेस्ट मैच में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के साथ अपने प्रेम संबंध को जारी रखा। उन्होंने पाकिस्तान में अपनी 2 पारियों में तीसरा शतक बनाया। वह पाकिस्तान की धरती पर लगातार चार टेस्ट मैच में शतक बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।
जो रूट और हैरी ब्रूक दोनों इस समय 243 रन की साझेदारी कर चुके हैं। जो रूट और हैरी ब्रूक के बीच 243 रन की साझेदारी पाकिस्तान की धरती पर किसी भी विकेट के लिए इंग्लैंड की ओर से सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले साल 2022 में रावलपिंडी में जैक क्रॉली और बेन डकेट ने पहले विकेट के लिए 233 रन जोड़े थे। जो रूट और हैरी ब्रूक की यह साझेदारी इंग्लैंड के लिए पाकिस्तान के खिलाफ चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी भी है। उन्होंने 2006 में लॉर्ड्स में एलिस्टेयर कुक और पॉल कॉलिंगवुड द्वारा जोड़े गए 233 रन को पीछे छोड़ दिया।
इंग्लैंड ने मैच के तीसरे दिन 396 रन बनाए। यह पाकिस्तान में एक दिन के खेल में किसी टीम द्वारा बनाए गए तीसरे सबसे ज्यादा रन हैं। इस मामले में इंग्लैंड की टीम ही नंबर वन है। उसने 2022 में रावलपिंडी में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के पहले दिन 506 रन बनाए थे। दूसरे नंबर पर श्रीलंका है। श्रीलंका ने 2009 में कराची में खेले गए टेस्ट मैच के पहले दिन 406 रन बनाए थे।