Pakistan vs England, Multan Test Match: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जो रूट अपने देश के लिए 20 हजार अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैच की सीरीज के पहले टेस्ट के चौथे दिन यह उपलब्धि अपने नाम की। शाहीन अफरीदी 104वां ओवर लेकर आए। उनकी तीसरी गेंद पर जो रूट ने चौका लगाया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 20 हजार रन पूरे किये।

इसके थोड़ी ही देर बाद जो रूट ने अपना दोहरा शतक पूरा किया। सलमान आगा 110वां ओवर लेकर आये। जो रूट ने उनकी आखिरी गेंद पर 3 रन लेकर टेस्ट क्रिकेट में अपना दोहरा शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर से लेकर जावेद मियांदाद तक कई दिग्गज क्रिकेटर्स के क्लब में शामिल हो गये।

PAK vs ENG: टेस्ट में 3 बार 800+ रन बनाने वाली पहली टीम बनी इंग्लैंड, पाकिस्तानी गेंदबाजों के नाम हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड

जो रूट ने ठोका छठा दोहरा शतक

जो रूट का टेस्ट क्रिकेट में यह छठा दोहरा शतक है। टेस्ट क्रिकेट में अब तक 14 बल्लेबाज 6 या उससे ज्यादा बार दोहरा शतक लगा चुके हैं। इनमें से 7 बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने करियर में 6 दोहरे शतक लगाये। जो रूट से पहले इस लिस्ट में जावेद मियांदाद, यूनिस खान (दोनों पाकिस्तान), केन विलियमसन (न्यूजीलैंड), रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया), सचिन तेंदुलकर (भारत) और मर्वन अटापट्टू (श्रीलंका) शामिल थे।

PAK vs ENG: इंग्लैंड ने पाकिस्तान में तोड़ा भारत के खिलाफ वाला रिकॉर्ड, हैरी ब्रूक और जो रूट ने निकाला मेजबान का दम

दोहरा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंचे

जो रूट इंग्लैंड के लिये सबसे ज्यादा दोहरा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गये। अब उनसे आगे सिर्फ वैली हैमंड ही हैं। वैली हैमंड ने 1928 से 1938 तक अपने करियर में 7 बार 200 या उससे ज्यादा का स्कोर किया था। उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 336 रन है। जो रूट का अब तक का उच्चतम स्कोर 254 रन है।

ये हैं टेस्ट क्रिकेट में 6 या उससे ज्यादा दोहरे शतक लगाने वाले बल्लेबाज

खिलाड़ी (देश)कब से कब तकदोहरे शतकउच्चतम स्कोर
डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया)1930-194812334 रन
कुमार संगकारा (श्रीलंका)2002-201511319 रन
ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज)1993-20069नाबाद 400 रन
महेला जयवर्द्धने (श्रीलंका)1999-20147374 रन
वैली हैमंड (इंग्लैंड)1928-19387नाबाद 336 रन
वीरेंद्र सहवाग (भारत)2004-20096319 रन
विराट कोहली (भारत)2016-20197नाबाद 254 रन
जावेद मियांदाद (पाकिस्तान)1976-19896नाबाद 280 रन
यूनिस खान (पाकिस्तान)2005-20166313 रन
जो रूट (इंग्लैंड)2014-20246262 रन
केन विलियमसन (न्यूजीलैंड)2015-20236251 रन
रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)2003-20126257 रन
सचिन तेंदुलकर (भारत)1999-20106नाबाद 248 रन
मर्वन अटापट्टू (श्रीलंका)1998-20046249 रन

टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ की सबसे बड़ी साझेदारी

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड पहले टेस्ट मैच की बात करें तो समाचार लिखे जाने तक मेहमान टीम ने अपनी पहली पारी में 138 ओवर में 4 विकेट पर 714 रन बना लिये थे। जो रूट 262 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनको सलमान आगा ने एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने अपनी 375 गेंद की पारी में 17 चौके लगाए। उन्होंने हैरी ब्रूक के साथ चौथे विकेट के लिए 454 रन की साझेदारी की। टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भी विकेट के लिये यह सबसे बड़ी साझेदारी है। हैरी ब्रूक 291 गेंद में 264 रन बनाकर नाबाद थे।