इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ने मुल्तान में रनों का ऐसा अंबार लगाया कि सभी रिकॉर्ड छोटे पड़ गए। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में हैरी ब्रूक ने तिहरा शतक जमाया। ब्रूक ने अपनी 317 पारी के साथ भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया। सहवाग ने इस मैदान पर तूफानी तिहरा शतक लगाया था जिसके कारण उन्हें मुल्तान का सुल्तान कहा जाता है।
हैरी ब्रूक ने जमाया तिहरा शतक
हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड की पहली पारी में 317 रन बनाए। 322 गेंदे खेलते हुए उन्होंने 29 चौके और तीन छक्के जमाए। ब्रूक का पाकिस्तान में लगातार चौथा शतक था। वह ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी हैं। ब्रूक की पारी का अंत साइम अयूब ने किया। वह अयूब की गेंद पर मसूद को कैच थमा बैठे।
हैरी ब्रूक ने तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड
हैरी ब्रूक मुल्तान में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड वीरेंद्र सहवाग के नाम था। सहवाग ने 278 गेंदों में इसी मैदान पर 309 रन बनाए थे। ब्रूक अब मुल्तान के नए सुल्तान बन गए हैं। सिर्फ यही नहीं वह इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने यहां तीन पारियों में 434 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक शामिल है। उनके बाद दूसरे नंबर पर हैं वीरेंद्र सहवाग जिन्होंने वहां 309 रन बनाए हैं।
हैरी ब्रूक ने 317 रन की बड़ी पारी खेली जो टेस्ट क्रिकेट में किसी एक पारी में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर की सूची में संयुक्त रूप से 20वें नंबर पर है। वह टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक बनाने वाले इंग्लैंड के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। यह 1990 में ग्राहम गूच के भारत के खिलाफ लगाए गए तिहरे शतक के बाद पहला अवसर है जबकि इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज ने यह उपलब्धि हासिल की। रूट
इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ यहां खेले जा रहे मैच में अपनी पहली पारी सात विकेट पर 823 रन बनाकर समाप्त घोषित करके कुछ नए रिकॉर्ड बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में केवल चौथा अवसर है जबकि किसी टीम में 800 से अधिक रन बनाए। यह टेस्ट क्रिकेट में चौथा बड़ा स्कोर भी है। रिकार्ड श्रीलंका के नाम पर है जिसने 1997 में भारत के खिलाफ छह विकेट पर 952 रन बना कर अपनी पारी समाप्त घोषित की थी।