ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पीवी सिंधु 3 अगस्त 2021 को टोक्यो से स्वदेश लौटीं। स्वदेश लौटने पर उनका दिल्ली एयरपोर्ट पर ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया गया। सिंधु के सम्मान में एक समारोह भी आयोजित किया गया था। उस समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के अलावा अन्य केंद्रीय मंत्रियों निर्मला सीतारमण और जी किशन रेड्डी ने सिंधु का स्वागत किया।
ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली इकलौती भारतीय महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु का मंगलवार को देश लौटने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मौजूदा विश्व चैंपियन सिंधु ने पांच साल पहले रियो ओलंपिक में रजत पदक हासिल किया था। टोक्यो से जब वह यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल पर पहुंची तो हवाई अड्डे के कर्मचारियों ने ताली बजाकर उनका स्वागत किया। वह बाहर निकलते समय सुरक्षाकर्मियों से घिरी हुई थीं। उन्होंने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, ‘मैं पीवी सिंधु को बधाई देना चाहता हूं। उन्होंने इसके लिए कड़ी मेहनत की है और हम इसका परिणाम देख सकते हैं क्योंकि उन्होंने ओलंपिक में दूसरा पदक जीता है।’ केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘यह स्पष्ट रूप से उनका प्रयास, अथक अभ्यास और सरासर दृढ़ता का प्रतीक है। यह उनके परिवार, उनके कोच और फिजियो का भी समर्थन था। उन्होंने बार-बार खुद को साबित किया है। पहले रियो में और अब टोक्यो में।’
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘आप एक युवा आइकॉन हैं, उनकी प्रेरणा हैं। आप भारत के महानतम ओलंपियनों में से एक हैं। आपने हम सभी को गौरवान्वित किया है और 135 करोड़ भारतीयों के चेहरों पर मुस्कान लाई है।’
हालांकि, कुछ लोगों को केंद्रीय मंत्रियों का इस तरह पीवी सिंधु को सम्मानित करना रास नहीं आया। उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों पर मुफ्त का क्रेडिट लेने का आरोप लगाया। @SujeetK52050321 ने लिखा, ‘भाजपा वाले अपना क्रेडिट लेना चाहते हैं।’ @MyPrideMyIndia2 ने लिखा, ‘फोकट का क्रेडिट लेने आ गए…।’ @RAHULPA461 ने लिखा, ‘क्या हम बेहतरीन सुविधाओं की उम्मीद कर सकते हैं, एथलीट्स के लिए फंडिंग, ताकि ज्यादा मेडल लाए जा सकें, कम से कम एक गोल्ड..। तब ये ज्यादा अच्छा लगेगा।’
इससे पहले भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के महासचिव अजय सिंघानिया और भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के अधिकारियों ने भी स्टार भारतीय शटलर का स्वागत किया। सिंधु और उनके कोरियाई कोच पार्क ताए-संग को भी सिंघानिया ने हवाई अड्डे पर सम्मानित किया। अनुराग ठाकुर ने सिंधु के कोच को भी सम्मानित किया।
सिंधु ने कहा, ‘मैं बहुत खुश और उत्साहित हूं, निश्चित रूप से सभी ने मुझे बधाई दी है। मुझे समर्थन और प्रोत्साहित करने के लिए मैं बीएआई और सभी के प्रति आभार प्रकट करती हूं। यह एक रोमांचक दिन और खुशी का क्षण है।’
रविवार को कांस्य पदक जीतकर सिंधु दो ओलंपिक पदक जीतने वाली देश की दूसरी भारतीय और पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं। सिंधु ने चीनी खिलाड़ी बिंग जियाओ को सीधे सेटों में 21-13, 21-15 से हराया था। हैदराबाद की इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने कांस्य पदक के प्ले-ऑफ में चीन की ही बिंग जिओ को हराया था।