NZ vs SL ICC World Cup 2023: आईसीसी पुरुष विश्व कप 2023 का 41वां मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया। 172 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की टीम ने 24वें ओवर में 5 विकेट गंवाकर इस लक्ष्य को हासिल किया। न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे ने सबसे अधिक 45 रन बनाए। रचिन रविंद्र ने 42 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से एंजेलो मैथ्यूज ने 2 विकेट चटकाए। इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 46.4 ओवर में 171 रन बनाए थे। श्रीलंकाई टीम का पुलिंदा 150 रन के भीतर ही बंध सकता था, क्योंकि 32.1 ओवर में उसका स्कोर 9 विकेट पर 128 रन था। हालांकि, महेश तीक्षणा ने दिलशान मदुशंका के साथ 10वें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी कर टीम को 150 के पार पहुंचाया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की राह को थोड़ा आसान कर लिया है। न्यूजीलैंड की टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं इस जीत ने पाकिस्तान की राह को मुश्किल कर दिया है। पाकिस्तान को अगर न्यूजीलैंड की राह को मुश्किल करना है तो उसे इंग्लैंड को रनों के लिहाज से कम से कम 287 रन से हराना होगा। न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका मैच के बॉल टू बॉल स्कोर और कमेंट्री के लिए यहां क्लिक करें।
ICC Cricket World Cup, 2023
New Zealand
172/5 (23.2)
Sri Lanka
171 (46.4)
Match Ended ( Day – Match 41 )
New Zealand beat Sri Lanka by 5 wickets
NZ vs SL ICC World Cup 2023: श्रीलंका पर न्यूजीलैंड की जीत ने पाकिस्तान की राह को थोड़ा मुश्किल कर दिया है।
वर्ल्ड कप के 41वें मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया है। 172 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की टीम ने 24वें ओवर में 5 विकेट गंवाकर इस लक्ष्य को हासिल किया। न्यूजीलैंड की ओर से डेवोन कॉनवे ने सबसे अधिक 45 रन बनाए। रचिन रविंद्र ने 42 रन की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से एंजेलो मैथ्यूज ने 2 विकेट चटकाए। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल की राह को थोड़ा आसान कर लिया है। वहीं इस जीत ने पाकिस्तान की राह को मुश्किल कर दिया है।
मार्क चैपमैन के रूप में न्यूजीलैंड ने चौथा विकेट गंवा दिया है। चैपमैन 7 रन बनाकर रन आउट हो गए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 27 रन की जरूरत है। क्रीज पर नए बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स हैं।
130 के स्कोर पर न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट गंवा दिया है। केन विलियमसन 14 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 190 गेंद में 42 रन की जरूरत है। विलियमसन का विकेट मैथ्यूज को मिला।
महेश तीक्षणा ने न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया है। रचिन रविंद्र 42 रन बनाकर आउट हो गए। 172 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही न्यूजीलैंड को जीत के लिए 84 रन की जरूरत है। केन विलियमसन और डेरिल मिचेल क्रीज पर हैं।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम को 86 के स्कोर पर पहला झटका लगा है। डेवोन कॉनवे 45 रन बनाकर आउट हो गए। दुष्मंता चमीरा को कॉनवे का विकेट हासिल हुआ। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 86 रन की जरूरत है। केन विलियमसन क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने सातवें ओवर में 50 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए हैं और कोई विकेट नहीं खोया है। डेवोन कॉनवे 25 गेंद में 33 और रचिन रविंद्र 14 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की पारी का आगाज डेवोन कॉनवे और रचिन रविंद्र ने किया है। श्रीलंका की ओर से दिलशान मदुशंका ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
सेमीफाइनल में आराम से पहुंचने के लिए न्यूजीलैंड के लिए इस मैच को जीतना काफी जरूरी था। टीम की इस जरुरत को बखूबी समझते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया। पहले तेज गेंदबाजों ने अपनी धारदार गेंदबाजी से श्रीलंका के ऊपरी क्रम को ध्वस्त किया। फिर बाकी का काम स्पिनर्स ने कर दिया। श्रीलंका की पारी शायद इस स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाती लेकिन महेश तीक्षणा और दिलशान मदुशंका के बीच अंतिम विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई।
47वें ओवर की चौथी गेंद पर श्रीलंका का 10वां विकेट गिरा। रचिन रविंद्र की यह गेंद लेग स्टम्प पर गिरकर उछली और बाहर की ओर निकली। मदुशंका के बैकफुट पर जाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन बैट का किनारा लगा और गेंद विकेटकीपर टॉम लैथम के दस्तानों में समां गई। इस तरह श्रीलंका की पारी का 171 रन के स्कोर पर अंत हुआ।
39 ओवर का खेल हो चुका है। श्रीलंका का स्कोर 9 विकेट पर 153 रन है। महेश तीक्षणा के 73 गेंद में 30 रन हैं। दिलशान मदुशंका के 20 गेंद में 10 रन हैं। दोनों के बीच 42 गेंद में 25 रन की साझेदारी हो चुकी है।
33वें ओवर की पहली गेंद पर श्रीलंका को 9वां झटका लगा। रचिन रविंद्र ने दुष्मंता चमीरा को ट्रेंट बोल्ट के हाथों कैच कराया। चमीरा 20 गेंद खेलने के बाद सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। चमीरा की जगह दिलशान मदुशंका बल्लेबाजी के लिए। 33 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 9 विकेट पर 133 रन है।
लॉकी फार्ग्युसन ने श्रीलंका को आठवां झटका दे दिया है। 113 के स्कोर पर श्रीलंका ने आठवां विकेट गंवाया। चमिका करुणारत्ने 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। क्रीज पर नए बल्लेबाज दुष्मंता चमीरा हैं।
मिचेल सैंटनर ने पहले एंजेलो मैथ्यूज (16) और फिर धनंजय डी सिल्वा (19) का विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया है। 19 ओवर की समाप्ति के बाद श्रीलंका का स्कोर 7 विकेट के नुकसान पर 105 रन है। क्रीज पर चमिका करुणारत्ने और महेश तीक्षणा बल्लेबाजी कर रहे हैं।
चरित असालंका के रूप में श्रीलंका को चौथा झटका लग गया है। असालंका 8 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए हैं। श्रीलंका ने 70 के स्कोर पर चौथा विकेट गंवाया है। कुसल परेरा 51 रन बनाकर अभी भी नाबाद हैं।
कुसल परेरा ने 22 गेंद में 9 चौके और 2 छक्के की मदद से अर्द्धशतक ठोक दिया है। उन्होंने 231 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए यह हाफ सेंचुरी पूरी की। कुसल परेरा श्रीलंका की ओर से वर्ल्ड कप में फास्टेस्ट फिफ्टी जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले एंजेलो मैथ्यूज ने 2015 विश्व कप में हाफ सेंचुरी जड़ी थी। 8 ओवर की समाप्ति के बाद श्रीलंका का स्कोर 70/3 है।
सदीरा समरविक्रमा के विकेट के साथ ही श्रीलंका का टॉप ऑर्डर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया है। ट्रेंट बोल्ट ने एक ओवर में दूसरी सफलता लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया। समरविक्रमा 1 रन बनाकर बोल्ट का शिकार बने। सदीरा के आउट होने के बाद चरित असालंका बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
ट्रेंट बोल्ट ने श्रीलंका को दूसरा झटका 30 के स्कोर पर दे दिया है। कप्तान कुसल मेंडिस 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रचिन रविंद्र ने मेंडिस का बेहतरीन कैच लपका। मेंडिस के आउट होने के बाद सदीरा समरविक्रमा बल्लेबाजी के लिए आए हैं।
टिम साउदी ने श्रीलंका को पहला झटका दे दिया है। 3 के स्कोर पर श्रीलंका ने पथुम निसांका का विकेट गंवा दिया। निसांका 8 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
न्यूजीलैंड बनाम श्रीलंका मैच शुरू हो चुका है। श्रीलंका की ओर से पथुम निसंका और कुसल परेरा ने पारी की शुरुआत की। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट पहला ओवर लेकर आए। निसंका उनकी शुरुआती 5 गेंद में कोई रन नहीं ले पाए। आखिरी गेंद पर उन्होंने जोरदार शॉट खेला,लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने बाउंड्री पर रोक लिया और सिर्फ एक रन ही ले पाए निसंका। पहले ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर बिना विकेट खोए एक रन है।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन: डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, केन विलियमसन (कप्तान), डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, टॉम लैथम (विकेटकीपर), मिशेल सैंटनर, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन।
श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: पथुम निसांका, कुसल परेरा, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), सदीरा समरविक्रमा, चरित असालंका, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डिसिल्वा, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षाना, दुष्मंता चमीरा, दिलशान मदुशंका।
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। उन्होंने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। ईश सोढ़ी की जगह लॉकी फर्ग्युसन की वापसी हुई है। श्रीलंका ने भी एक बदलाव किया है। कसुन रजिता की जगह चमिका करुणारत्ने प्लेइंग इलेवन में हैं।
पूर्व भारतीय गेंदबाज इरफान पठान ने न्यूजीलैंड टीम को सलाह दी है कि अगर श्रीलंका के खिलाफ मैच में बारिश के कहर से बचना है तो कीवी टीम के लिए लक्ष्य का पीछा करना सबसे बेहतर रहेगा। बहुत सारे फैक्टर न्यूजीलैंड टीम को चौथी सेमीफाइनलिस्ट बनाएंगे। बता दें कि बेंगलुरु में बारिश की भविष्यवाणी है।
श्रीलंका: कुसल मेंडिस (कप्तान), कुसल परेरा, पथुम निसांका, दुशमंता चमीरा, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरत असालंका, धनंजय डिसिल्वा, महेश तीक्षणा, डुनिथ वेलालेज, कसुन रजिता, एंजेलो मैथ्यूज, दिलशान मदुशंका, दुशान हेमंथा, चमिका करुणारत्ने।
न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, जेम्स नीशम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर, ईश सोढी, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन और मैट हेनरी।
न्यूजीलैंड के आठ अंक है। उसे पता है कि हार या बारिश से मैच रद्द होने की दशा में वह टूर्नामेंट से बाहर हो जाएग। इस समय न्यूजीलैंड अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के भी 8 अंक हैं। पाकिस्तान का रनरेट प्लस 0.036 है, जबकि अफगानिस्तान का -0.338 है। इन दोनों के भी सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना है, बशर्ते पाकिस्तान आखिरी लीग मैच में इंग्लैंड या अफगानिस्तान साउथ अफ्रीका को हरा दे। ऐसे में न्यूजीलैंड को विशाल अंतर से जीत दर्ज करनी होगी। न्यूजीलैंड का नेट रनरेट अभी +0.398 है। न्यूजीलैंड के लिए हालात बहुत अच्छे नहीं हैं। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उसे हर हालत में जीतना है।