अजिंक्य रहाणे ने अगले रणजी सीजन से पहले मुंबई क्रिकेट टीम की कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया। रहाणे के इस पद से हटने के बाद अब भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अगले सीजन के लिए मुंबई रणजी ट्रॉफी टीम की कप्तानी करेंगे। रहाणे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया कि वह मुंबई के कप्तान नहीं रहेंगे, लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में टीम का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।

शार्दुल ठाकुर होंगे मुंबई के अगले कप्तान

वैसे मुंबई की टीम में श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी भी हैं, लेकिन इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अगले रणजी सीजन के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी शार्दुल ठाकुर को सौंपी गई। आपको बता दें कि रहाणे ने एक्स पर लिखा कि मुंबई के लिए कप्तानी करना और चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही। अब समय आ गया है कि मुंबई को नया कप्तान मिलना चाहिए, लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में मैं इस टीम के साथ जुड़ा रहूंगा। रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने 2023/24 सीज़न में सात साल के अंतराल के बाद अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता था। उन्होंने 2024/25 सीज़न में ईरानी ट्रॉफी भी जीती थी।

शार्दुल ठाकुर को मुंबई टीम की कप्तान बनाए जाने की संभावना हमेशा से ही बनी हुई थी, खासकर जब से उन्हें दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन का कप्तान बनाया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि मुंबई की सीनियर चयन समिति ने इस सीज़न से पहले रहाणे से बात की थी और भविष्य के कप्तान पद के उम्मीदवारों के बारे में उनकी राय ली थी। रहाणे ने इस रणजी सीजन में मुंबई के लिए 14 पारियों मे एक शतक और एक अर्धशतक के साथ 467 रन बनाए थे।

शार्दुल ठाकुर पिछले कुछ सालों से मुंबई की सफलता में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कई अहम मौकों पर निचले क्रम में रन बनाकर टीम को मुश्किलों से उबारने का काम किया है साथ ही गेंदबाजी में भी वो गजब का योगदान देते हैं। पिछले रणजी सीजन में शार्दुल ठाकुर ने मुंबई के लिए 505 रन बनाए थे जिसमें एक शतक भी शामिल था। इसके अलावा उन्होंने 9 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 35 विकेट भी झटके थे।