वेस्टइंडीज के क्रिकेटर निकोलस पूरन टी20 प्रारूप के बेहद खतरनाक बल्लेबाजों में से एक हैं जो आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ऋषभ पंत की कप्तानी में 2025 में खेले थे। निकोलस पूरन इन दिनों कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में त्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेल रहे हैं और टीम के कप्तान भी हैं।

निकोलस पूरन ने कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 के 16 मैच में तूफानी पारी खेली और अपनी टीम को 7 विकेट से जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। पूरन ने इस मैच में 40 गेंदों पर 6 छक्के और एक चौका लगाकर नाबाद 65 रन की पारी 162.50 की स्ट्राइक रेट के साथ बनाए थे।

निकोलस पूरन ने इस दशक में पूरे किए 500 छक्के

पूरन ने अपनी पारी में लगाए इन 6 छक्कों की मदद से एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वो अब इस दशक में यानी साल 2020 से लेकर अब तक 500 से ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। पूरन ने इस दशक में अब तक टी20 की 278 पारियों में कुल 504 छक्के लगाए हैं। इस दशक में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर्स की लिस्ट में यानी टॉप 5 में एक भी भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है।

इस दशक में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर आंद्रे रसेल हैं जिन्होंने अब तक 224 पारियों में 368 छक्के लगाए हैं जबकि टिम डेविड इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 247 पारियों में कुल 348 छक्के जड़े हैं। वहीं इस लिस्ट में चौथे नंबर पर 212 पारियों में 334 छक्के लगाकर लियाम लिविंगस्टोन चौथे जबकि एलेक्स हेल्स 266 पारियों में 334 छक्के लगाकर पांचवें स्थान पर हैं।

इस दशक में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

निकोलस पूरन- 278 पारी- 504 छक्के
आंद्रे रसेल- 224 पारी- 368 छक्के
टिम डेविड- 247 पारी- 348 छक्के
लियाम लिविंगस्टोन- 212 पारी- 334 छक्के
एलेक्स हेल्स- 266 पारी- 334 छक्के