किसी भी प्लेयर के लिए अपने खेल में महारत हासिल करने के साथ-साथ फिटनेस बहुत बड़ा चैलेंज होता है। अच्छी फिटनेस के बिना खेल प्रभावित हो सकता है। ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा भी फिटनेस का बहुत ख्याल रखते हैं।

नीरज को मिठाई बहुत पसंद है, लेकिन मोटा होने के डर से वह ऐसी चीजों से परहेज करते हैं। वह खुद को रिकवर करने के लिए खास उपाय अपनाते हैं। हालांकि, जब कभी-कभी वह गोल गप्पे और दही-चूरमा खा लेते हैं। आइए हम यहां गोल्डन ब्वॉय का डाइट प्लान जानते हैं, जिससे वह खुद को फिट और तंदुरुस्त रखते हैं।

24 दिसंबर 1997 को पानीपत के खांदर में जन्में नीरज चोपड़ा अपने आहार पर खासा नियंत्रण रखते हैं। वह देसी भोजन करना पसंद करते हैं। ओलंपिक में स्वर्ण जीतने से पहले ईएसपीएन को दिए साक्षात्कार में नीरज ने बताया था कि फास्ट फूड के मामले में वह सिर्फ गोल गप्पे ही खाते हैं।

नीरज ने इंटरव्यू में अपना डाइट प्लान (खासकर टूर्नामेंट के दौरान) भी शेयर किया था। उन्होंने बताया था कि मैच के दिनों में, वह ऐसा कुछ भी नहीं खाते हैं, जो बहुत अधिक वसायुक्त हो। वह सलाद या फल जैसी चीजें खाना पसंद करते हैं।

नीरज को ग्रिल्ड चिकन ब्रेस्ट और अंडे जैसी चीजें भी खाना पसंद है। वह सप्ताह में कभी भी रोटी और आमलेट खा लेते हैं। आमलेट और रोटी ही वह चीज है, जिसे वह किसी भी दूसरी चीजों से ज्यादा बार खाते हैं। नीरज ने करीब साल भर पहले अपने डाइट प्लान में कुछ परिवर्तन भी किया था।

नीरज ने अपने डाइट प्लान में सैल्मन मछली को शामिल किया है। नीरज खुद की रिकवरी के लिए ताजा फलों का जूस पीते हैं। खास यह है कि वह डिब्बाबंद जूस नहीं पीते। इसके बजाय वह फलों का ताजा रस पीते हैं। नीरज सामान्य दिनों में वर्कआउट के बाद दो गिलास ताजा जूस पीते हैं। उनके डाइट प्लान में नमकीन चावल भी शामिल है।

गोल गप्पे को लेकर नीरज की राय है कि एक पेशेवर एथलीट को इन्हें खाने में कोई बुराई नहीं है। नीरज के मुताबिक, ‘गोल गप्पे में ज्यादातर पानी होता है। गोल गप्पे खाने से आपका पेट पानी से भर जाता है। इसकी पापड़ी देखने में बड़ी दिखती है, लेकिन उसमें आटे की मात्रा बहुत कम होती है।’

नीरज का कहना है, ‘इसके जरिए ज्यादातर पानी ही आपके पेट में जाता है। मसाले की मात्रा भी थोड़ी होती है। अगर आपको लगता है कि आप बहुत गोल-गप्पे खा रहे हैं तब भी आप अपने पेट में ज्यादातर पानी ही भर रहे हैं।’

सिर्फ गोल गप्पे ही नहीं, नीरज को मीठा भी पसंद है। वह घर का बना ताजा चूरमा खाना पसंद करते हैं। हालांकि, प्रशिक्षण के दौरान नीरज चूरमा को हाथ भी नहीं लगाते। दरअसल, चूरमा में बहुत ज्यादा घी और चीनी होती है, इसलिए यह ऐसी चीज है जिसे वह प्रशिक्षण के दौरान नहीं खा सकते।