नवजोत सिंह सिद्धू अपने जमाने के विस्फोटक बल्लेबाज थे। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वे राजनीति करने के अलावा कई कॉमेडी शो में बतौर जज नजर आ चुके हैं। सिद्धू लंबे समय तक कपिल शर्मा के शो से जुड़े हुए थे। एक बार उन्होंने बताया था कि वर्ल्ड कप जीतने वाले कप्तान कपिल देव की नकल करने में उनकी पैंट फट गई थी। उस दौरान सिद्धू के साथ पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग भी मौजूद थे।

सिद्धू ने रोचक कहानी सुनाते हुए कहा था, ‘‘कई बार कुछ लोग बिना सोचे-समझे ही किसी को कॉपी करने लगता है। मैं पटियाला से आया था। देसी जाट आदमी था। मैंने कपिल पाजी (कपिल देव) को देखा था कि बैटिंग करने जाने से पहले वो सूरज की ओर देखते थे। उससे पहले बैठक मारते थे। मुझे ये समझ नहीं आता था कि वो सूरज को क्यों देखते थे। दरअसल, वो अंदर से बाहर जाते थे। सूरज को देखकर आंखों की रोशनी को ठीक से जमाते थे। बल्लेबाजी करने जाने से पहले वो दो-तीन बार ऐसा करते थे। मैंने सोचा कि ये काफी तगड़ी चीज है। इसे मैं भी करूंगा।’’

सिद्धू ने इसके कहा, ‘‘अगला मैच श्रीलंका के साथ था। सबेरे-सबेरे मुझे ओपनिंग करनी थी। मैंने सोचा कि कपिल पाजी जैसा कुछ करूंगा। अब नकल में भी अक्ल चाहिए। मैंने पहले तो सूरज की ओर देखा और फिर बैठक लगाई। मेरी पैंट टाइट थी। जैसे ही बैठक लगाई पैंट फट गई। इसके बाद मैंने सोचा कि किसी को क्या पता चलेगा। टी-शर्ट को बाहर निकाला और बैटिंग करने चला गया। शॉर्ट लेग पीछे होती है। मैंने जैसे ही बल्लेबाजी के लिए गार्ड लिया तो पीछे वाला कमेंट करने लगा।’’

इसके बाद सुनील गावस्कर ने कपिल शर्मा से कहा, ‘‘हमारे यहां क्रिकेटर काफी सैंपल (नमूने) होते हैं। ये (सिद्धू) भी एक नमूना है।’’ नवजोत सिंह सिद्धू भारत के लिए 1983 से 199 तक खेले थे। उन्होंने 51 टेस्ट मैचों में 42.1 की औसत से 3202 रन बनाए थे। इस दौरान उनके नाम 9 शतक और 15 अर्धशतक दर्ज हैं। वनडे में सिद्धू का रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने 136 मुकाबलों में 37.1 की औसत से 4413 रन बनाए। इस दौरान 6 शतक और 33 अर्धशतक जड़े।