मुंबई इंडियंस ने बेहद सफल रोहित शर्मा की जगह शुक्रवार को हरफनमौला हार्दिक पंड्या को इस इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी का कप्तान नियुक्त किया। रोहित की अगुवाई में मुंबई की टीम पांच बार चैम्पियन बनी है। वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ इस लीग की सबसे सफल फ्रेंचाइजी टीम है। मुंबई इंडियन्स ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से करार कर पिछले महीने अपनी टीम में शामिल किया। रोहित शर्मा के सफर को चेन्नई सुपर किंग्स ने भी अपने अंदाज में सलाम किया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने दिया ट्रिब्यूट
चेन्नई सुपर किंग्स और मुबंई इंडियंस के मुकाबले को आईपीएल का एल क्लासिको कहा जाता है। दोनों के बीच प्रतिद्वंदिता रोहित शर्मा के कप्तान बनने के बाद ही शुरू हुई। चेन्नई सुपर किंग्स ने 2013 से 2013 तक मुकाबलों की तस्वीरों के साथ वीडियो बनाकर शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा ‘2013-2013, उत्साह बढ़ाने वाले चैलेंज, आपके लिए बहुत इज्जत है रोहित।’
2013 में शुरू हुई थी प्रतिद्वंदिता
रोहित और धोनी की टीमों के बीच यह प्रतिद्वंदिता साल 2013 में शुरू हुई थी। उस सीजन में जब पहली बार यह टीमें आमने-सामने आईं तो कप्तानी रिकी पोंटिंग के हाथों में थी। हालांकि जब दूसरी बार दोनों का सामना हुआ तब कप्तानी रोहित शर्मा को दी गई। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 139 रन बनाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स 79 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। मुंबई ने यह मैच 60 रन से जीता।
आखिरी मैच में भी मुंबई इंडियंस ने बनाए 139 रन
वहीं रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पिछले सीजन में किया था। लीग राउंड के इस मुकाबले में भी मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 139 रन ही बनाए थे। हालांकि इस बार चेन्नई ने 17.4 ओवर में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। धोनी की टीम ने यह मुकाबला छह विकेट से जीता।
हार्दिक पंड्या बने नए कप्तान
मुंबई इंडियन्स ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से करार कर पिछले महीने अपनी टीम में शामिल किया। हार्दिक की अगुवाई में गुजरात की टीम अपने शुरुआती सत्र में खिताब जीतने में सफल रही जबकि पिछले सत्र के फाइनल में उसे चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। हार्दिक ने आईपीएल में मुंबई के शानदार प्रदर्शन में लंबे समय तक अपना योगदान दिया है। टाइटन्स की कप्तानी संभालने से पहने वह 2015 और 2021 तक टीम के सबसे अहम सदस्य में से एक थे।