पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) करीब 8 महीने से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। वे पिछले वर्ल्ड कप सेमीफाइनल के बाद से मैदान पर नहीं उतरे हैं। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तैयारियों के लिए वे चेन्नई में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के लिए अभ्यास करते जरूर दिखाई दिए थे, लेकिन कोरोनावायरस के कारण टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है। इससे उनकी वापसी अभी आगे बढ़ गई है।

क्रिकेट से दूर होने के बावजूद माही चर्चा में बने रहते हैं। उनके साथ उनकी बेटी जीवा भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहती है। जीवा अपनी नटखट अदाओं से सबका दिल जीत लेती हैं। इसी बीच जीवा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो धोनी का मेकअप करती नजर आ रही हैं। माही और बेटी का वीडियो कई बार वायरल हुआ है। एक बार उनकी बेटी तमिल बोलती हुई नजर आई थी।

धोनी के इस वीडियो को मेकअप आर्टिस्ट सपना भवनानी ने शेयर किया है। उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘‘यह सबसे प्यारा बिना मेकअप वाला मेकअप ट्यूटोरियल है। मुझे नहीं लगता कि मेरे पास अब जल्दी ही कोई काम बचेगा।’’ इस कैप्शन के साथ उन्होंने धोनी को टैग भी किया है और लिखा है कि मिस यू दोस्त। माही खुद अपने लुक को लगातार बदलते रहते हैं। हर एक-दो महीने पर वे नए लुक के साथ सामने आते हैं।


धोनी ने आज ही के दिन यानी 5 अप्रैल को 2005 में अपने करियर का पहला शतक लगाया था। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफा विशाखापट्टनम में 148 रनों की पारी खेली थी। यह धोनी का पांचवां वनडे थे। इससे पहले उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ तीन वनडे में 0, 12 और नाबाद 7 रन बनाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 3 रन पर आउट हो गए थे। पांचवें वनडे में धोनी ने अपना जलवा दिखाया और पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई कर दी थी।