पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भले ही पेशेवर क्रिकेट से ब्रेक लेने के बाद अपनी फैमिली को लगातार टाइम दे रहे हैं। लॉकडाउन ने पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ रहने का मौक ज्यादा दे दिया। अगर कोरोनावायरस का कहर नहीं होता तो वे अभी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते नजर आते। माही लॉकडाउन में रांची स्थित अपने फॉर्महाउस ‘कैलाशपति’ में हैं। साक्षी ने रविवार यानी 26 अप्रैल को इंस्टाग्राम पर दो-तीन वीडियो शेयर किए, जिसमें धोनी बेटी को बाइक पर घुमाते नजर आ रहे हैं।
माही ने जीवा को अपनी पुरानी बाइक YAMAHA RD350 पर बिठाकर फॉर्महाउस के चक्कर लगाए। इससे पहले 21 अप्रैल को उन्हें बाइक चलाते हुए देखा गया था, लेकिन तब चेहरा सामने नहीं आया था। माही की दाढ़ी सफेद हो चुकी है और ऐसा लग रहा है कि वे लॉकडाउन में उसे हटा भी नहीं रहे हैं। साक्षी ने धोनी के इस वीडियो को शूट किया। इस दौरान उन्होंने अपने आलीशान फॉर्महाउस को भी कैमरे में कैद किया।
साक्षी लॉकडाउन में लगातार कविताएं लिख रही हैं। उन्होंने कविता के माध्यम से सुबह का नाश्ता बनाते समय हो रही दिक्कतों को बताया है। साक्षी ने कविता का टाइटल ‘लॉकडाउन की डबल रोटी’ रखा है। उन्होंने इसमें बताया कि कैसे वे धोनी और बेटी जीवा के लिए सुबह के समय नाश्ते की फरमाइश को पूरा करती है। इस दौरान उन्हें क्या-क्या दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही साक्षी ने कविता के माध्यम से कोरोना वॉरियर्स के लिए एक खास संदेश भी लिखा।
माही ने कुछ सालों पहले ही अपनी Yamaha RD350 को फिर से रिबिल्ड किया है। वे बाइक को खुद से ठीक करने में माहिर हैं। इससे पहले उन्हें रांची की सड़कों पर हार्ले डेविडसन की बाइक को भी चलाते हुए देखा गया है। धोनी का बाइक प्रेम किसी से भी छुपा नहीं है। उनके गैराज में पुरानी Yamaha RD350 से लेकर आज के समय की अत्याधुनिक Harley Davidson तक मौजूद हैं। उनके गैराज में इन दोनों बाइक्स के अलावा Ducati 1098, Kawasaki Ninja और Hellcat जैसी बाइक्स शामिल हैं।