15 अगस्त 2020 का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस कभी नहीं भूल पाएंगे। पूरा देश जब आजादी का जश्न मना रहा था तब भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज खिलाड़ियों ने संन्यास का ऐलान करके लोगों का दिल तोड़ दिया था। यह दो खिलाड़ी कोई और नहीं महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना थे। टीम इंडिया सबसे सफल कप्तानों में से एक एमएस धोनी 2019 वर्ल्ड कप के बाद से कोई मैच नहीं खेले थे। ऐसे में उनका संन्यास लेना तय था, लेकिन वह इसके लिए स्वतंत्रता दिवस का दिन चुनेंगे यह किसी ने नहीं सोचा था।
महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया और लिखा, “आपके प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। 1929 बजे (शाम 7.29 बजे) से मुझे रिटायर समझें।” वीडियो के बैकग्राउंड में अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कभी-कभी’ का मशहूर गाना ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ बज रहा था। धोनी ने भारत टीम के साथ अपने सफर की इलकियां शेयर कीं, जिसमें 2019 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच में रन आउट होना भी शामिल था।
बेहतरीन कप्तान और विकेटकीपर
महेंद्र सिंह धोनी की गिनती दुनिया के बेहतरीन कप्तान और विकेटकीपर के तौर पर होती है। बतौर बल्लेबाज उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। धोनी ने 350 एकदिवसीय मैच खेले और उनका सर्वोच्च स्कोर श्रीलंका के खिलाफ 183 रन रहा। वह 3 अलग-अलग आईसीसी ट्रॉफी (50 ओवर का विश्व कप, टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी) जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं।
रैना ने धोनी के साथ दोस्ती की मिसाल की पेश की
महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबर की झटके से क्रिकेट फैंस उबरे नहीं थे कि सुरेश रैना ने संन्यास का ऐलान करके उनका दिल तोड़ दिया था। रैना ने धोनी के साथ दोस्ती की मिसाल की पेश की। रैना ने अपने फैसले से बताया कि यूं ही नहीं धोनी को थाला और उनको चिन्नाथाला की उपाधि मिली थी। धोनी ने जैसे ही संन्यास का ऐलान किया रैना भी उनके पीछे-पीछे चल दिए।
बल्ले से ही नहीं फील्डिंग और गेंद से भी मैच बदलने का दमखम रखते थे रैना
रैना 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम इंडिया के हिस्सा रहे। रैना एक ऐसे खिलाड़ी थे जो न सिर्फ बल्ले से बल्कि फील्डिंग और गेंद से भी मैच बदलने का दमखम रखते थे। 2011 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल और पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने महत्वपूर्ण पारी खेली थी। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का वह अभिन्न हिस्सा रहे। वह ‘मिस्टर आईपीएल’ के नाम से मशहूर हुए।