भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में छाए हुए हैं। वह चाहे चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान न हो लेकिन फिर भी उनका जलवा कायम है। धोनी क्रिकेट के साथ-साथ अब सिंगर भी बन गए हैं। धोनी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में गाना गाते हुए दिखाई दिए। फैंस ने पहली बार धोनी को गाना गाते हुए देखा है। वह धोनी की सिंगिग के फैन हो गए।
एमएस धोनी ने गाया गाना
सोशल मीडिया पर धोनी के एक एड का वीडियो वायरल हो रहा है। इसका कारण है धोनी की आवाज। धोनी साइकिल चलाते हुए नजर आ रहे हैं और गाना गा रहे हैं। धोनी फाल्गुनी पाठक का हिट गाना, ‘बोले जो कोयल बागों में’ में गा रहे थे। धोनी को गाता देख फैंस हैरान हुए। उन्होंने इसे लेकर अलग-अलग रिएक्शन दिए। कुछ ने इसे 2024 का सबसे अच्छा सरप्राइज बताया। वहीं कुछ ने धोनी को फाल्गुनी पाठक से भी बेहतर बताया। कुछ ने लिखा कि धोनी हर बार दिल जीत लेते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी ने खेली थी तूफानी पारी
महेंद्र सिंह धोनी ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तूफानी पारी खेली। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे धोनी ने अगर 16 गेंद पर नाबाद 37 रन की पारी नहीं खेली होती तो हार का अंतर अधिक होता। भारत की तरफ से 2019 में अपना आखिरी मैच खेलने वाले धोनी ने पिछले साल अपने घुटने का ऑपरेशन करवाया था। चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि जब खेल के प्रति जागरूकता की बात आती है तो फिर महेंद्र सिंह धोनी का कोई सानी नहीं, जिन्होंने आईपीएल के इस सत्र में पहली बार बल्लेबाजी करते हुए अपने बल्ले की चमक बिखेरी।