आईपीएल ऑक्शन में शिरकत करने के लिए दुबई पहुंचे टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत वहां नीलामी के बाद अपने गुरु और पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिले। धोनी और पंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में धोनी और पंत टेनिस खेलते हुए नजर आ रहे हैं। ये वीडियो सीएसके फैन क्लब के ट्विटर अकाउंट से शेयर किया गया है।

टेनिस कोर्ट में साथ दिखे धोनी और पंत

एमएस धोनी और ऋषभ पंत का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में धोनी और पंत का टेनिस गेम पानी के उपर खेला जा रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे पंत ओवरहेड स्मैश मार रहे हैं, जिसके बाद वहां मौजूद लोग भी तालियां बजा रहे हैं। धोनी भी पंत का ओवरहेड स्मैश देखकर काफी हैरान रह जाते हैं। वीडियो में पंत काफी फिट दिख रहे हैं और ये उनकी वापसी को लेकर अच्छी खबर है।

दुबई में परिवार संग छुट्टियां मना रहे धोनी

बता दें कि धोनी काफी समय से दुबई में परिवार के साथ छुट्टियां मना रहे हैं। वहीं ऋषभ पंत नीलामी के लिए दुबई पहुंचे थे। पंत ऑक्शन रूम में दिल्ली कैपिटल्स की टेबल पर नजर आए थे। पंत को डीसी ने अगले सीजन के लिए अपना कप्तान नियुक्त किया है। इससे ये तय है कि पंत आईपीएल का अगला सीजन खेलेंगे। ऋषभ पंत और एमएस धोनी के बीच एक अलग बॉन्डिंग है। पंत को धोनी का शिष्य कहा जाता था। माही जब अपने इंटरनेशनल करियर में आखिरी पड़ाव पर थे तो तभी से पंत को उनका उत्तराधिकारी कहा जाता था।