इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की अगुवाई करने वाले एमएस धोनी (MS Dhoni) क्रिकेट के मैदान से दूर परिवार के साथ समय बिता रहे हैं। भारत के पूर्व कप्तान ने आखिरी बार आईपीएल के 14वें सीजन के दौरान प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था, जिसे कोविड-19 के कारण स्थगित कर दिया गया था। वो रांची स्थित अपने आवास पर घोड़े के साथ रेस लगाते हुए नजर आए हैं।
धोनी को मैदान पर देखने के लिए प्रशंसकों को अभी कुछ और महीनों तक इंतजार करना होगा। इसी बीच उनकी पत्नी साक्षी ने शनिवार को एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इसमें भारत के पूर्व कप्तान एक घोड़े के साथ दौड़ लगाते देखा जा सकता है। धोनी का रांची में फार्म हाउस है। अभी वे वहीं अपने परिवार के साथ हैं। साक्षी ने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘मजबूत, तेज।’ साक्षी ने साथ ही हैशटैग में शेटलैंड पोनी और रेसिंग भी लिखा।
View this post on Instagram
सुरेश रैना सहित लाखों क्रिकेट फैंस को धोनी का यह वीडियो पसंद आया। रैना ने कमेंट करते हुए आग की इमोजी पोस्ट की। साक्षी के इस वीडियो को अब तक 4 लाख से ज्यादा व्यूज मिले हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 4.3 मिलियन फॉलोअर हैं। पिछले महीने साक्षी ने धोनी का एक वीडियो साझा किया था जिसमें सीएसके के कप्तान को मालिश करते और अपने घोड़े के साथ खेलते हुए देखा गया था।
धोनी ने अगस्त 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को इस सीजन के अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पिछले महीने घोषणा की थी कि टी20 लीग के बचे हुए मैच इस साल के अंत में सितंबर-अक्टूबर के महीनों में फिर से शुरू होंगे। बोर्ड ने यह भी घोषणा की है कि मैच संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किए जाएंगे, जिस स्थान पर टूर्नामेंट का 13वां संस्करण 2020 में खेला गया था।