एमएस धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहे दिया था। मगर आईपीएल में वह साल 2025 तक लगातार चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आए हैं। लेकिन अक्सर उनके आईपीएल से संन्यास लेने और चेन्नई सुपर किंग्स से विदाई लेने पर कई अटकलें लगाई जाती हैं। मगर इस बार उन्हें मुंबई इंडियंस की जर्सी में देख फैंस खासा कंफ्यूज हो गए हैं। इसके बाद कई यूजर्स अलग-अलग अटकलें लगाते हुए सोशल मीडिया पर उनकी ताजा तस्वीर को पोस्ट कर रहे हैं। वहीं यह भी सवाल उठने लगे हैं कि क्या धोनी चेन्नई सुपर किंग्स का साथ छोड़ रहे हैं। यहां तक कुछ लोगों ने तो उन्हें मुंबई इंडियंस तक का हिस्सा बना दिया है।
सोशल मीडिया पर हलचल तेज
एमएस धोनी की एक फुटबॉल मैच के दौरान अपने दोस्तों के साथ तस्वीर वायरल हुई है। दरअसल इस तस्वीर में एमएस धोनी मुंबई इंडियंस के नाम और लोगो वाली सफेद जर्सी पहने हुए हैं। यह मुंबई इंडियंस की ट्रेनिंग किट भी बताई जा रही है। माही को आईपीएल की चिर प्रतिद्वंदी टीम मुंबई की जर्सी में देख सीएसके (चेन्नई सुपर किंग्स) के फैंस काफी कंफ्यूज और चिंतित भी हो गए हैं। अक्सर ही धोनी को लेकर बहुत सारी अटकलें लगती हैं। मगर थाला कब क्या फैसले लेने वाले हैं इसकी जानकारी सिर्फ धोनी के दिमाग को ही होती है। ऐसा ही वह आईपीएल में भी कर सकते हैं। जब भी वह सीएसके छोड़ेंगे या आईपीएल से संन्यास लेंगे तो अचानक ही ऐलान करेंगे।
मुंबई इंडियंस के बनेंगे मेंटोर?
धोनी की इस मुंबई इंडियंस की जर्सी वाली तस्वीर में देख फैंस अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं। इसी में से एक ऐसा पोस्ट भी सामने आया है जिसमें फैन ने कहा है कि क्या धोनी मुंबई इंडियंस के मेंटोर बनने वाले हैं। हालांकि, धोनी की उम्र अब 44 साल हो चुकी है। वहीं पिछले दो साल से रुतुराज गायकवाड़ टीम की कमान संभाल रहे हैं। लेकिन पिछले आईपीएल में रुतुराज की चोट के बाद वापस धोनी कप्तानी करते दिखे थे। ऐसे में अगर धोनी बतौर प्लेयर रिटायरमेंट आईपीएल से लेते हैं तो मेंटोर की भूमिका वह जरूर निभा सकते हैं। मगर किस टीम के साथ वह ऐसा करेंगे वो भविष्य में ही पता चल पाएगा।
एमएस धोनी साल 2008 से लगातार पिछले 18 सीजन में आईपीएल का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कप्तानी में पांच बार चैंपियन बनाया था। सीएसके ने साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में धोनी की कप्तानी में खिताब जीता था। वहीं मुंबई इंडियंस की टीम भी पांच बार आईपीएल चैंपियन बन चुकी है। ऐसे में इन दोनों टीमों के बीच छठे खिताब को लेकर रेस लगी हुई है। वहीं इसी बीच सबके चहेते माही को मुंबई की जर्सी में देखना फैंस के लिए थोड़ा हैरानी भरा है। मगर वह सीएसके छोड़ेंगे या कोई फैसला लेंगे इस वायरल तस्वीर से ऐसा कुछ साफ नहीं हुआ है और ना ही जनसत्ता इसकी पुष्टि करता है। यह सिर्फ फैंस की अटकलें हैं जो वायरल पोस्ट के आधार पर लगाई जा रही हैं।