महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों भारतीय सेना को अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस समय वे कश्मीर में तैनात हैं। उन्होंने 106 टैरिटोरियल आर्मी बटालियन में दो हफ्ते तक अपनी सेवाएं देने के लिए क्रिकेट से ब्रेक लिया है। इसी कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के लिए नहीं चुना है। धोनी को भारतीय सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि प्रदान की है। उन्होंने 30 जुलाई से सेना में अपनी ड्यूटी ज्वाइन की है।
चूंकि धोनी की फैन फॉलोइंग बहुत ज्यादा है, ऐसे में वे किसी जगह पर हों और प्रशंसक उनसे ऑटोग्राफ नहीं मांगें ऐसा असंभव जैसा है। कुछ ऐसा ही उनके साथ कश्मीर में सेना की ड्यूटी देने के दौरान हुआ। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें महेंद्र सिंह धोनी सेना की यूनिफॉर्म में हैं। वे एक बैट पर अपने हस्ताक्षर कर रहे हैं। धोनी जिस व्यक्ति को बैट पर ऑटोग्राफ दे रहे हैं, वे भी सेना की वर्दी में हैं। यूजर्स ने इस फोटो पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी है। बहुत से यूजर्स ने जय हिंद लिखकर धोनी की देश के प्रति समर्पण की भावना जाहिर की है।
महेंद्र सिंह धोनी को कश्मीर में 15 दिनों के दौरान आतंकवाद प्रभावित इलाकों में अपने साथ 19 किलो का साजोसामान लेकर चलना है। इस दौरान धोनी अफसरों के साथ नहीं, बल्कि 60 सैनिकों के साथ अपनी बैरक में रहेंगे। यह फैसला धोनी ने खुद ही लिया है। महेंद्र सिंह धोनी जिस बटालियन में तैनात हैं, वह मिले-जुले सैनिकों की यूनिट है। उसमें देश के हर इलाके से आए करीब 700 जवान तैनात हैं। धोनी को एके-47, राइफल, बुलेटप्रुफ जैकेट और ग्रेनेड के साथ गश्त कर रहे हैं।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की यूनिट दक्षिण कश्मीर में है। सेना के एक अधिकारी ने बताया था कि लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र सिंह धोनी मंगलवार को यहां पहुंच चुके हैं। उन्होंने अपनी यूनिट ज्वाइन कर ली है। वे विक्टर फोर्स के सदस्य के तौर पर 15 अगस्त तक यहां तैनात रहेंगे। इस दौरान उन्होंने जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे वे निभाएंगे। इसके बाद वे ट्रेनिंग के लिए बेंगलुरु चले जाएंगे।
थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने पिछले सप्ताह कहा था कि जब देश का कोई नागरिक सेना की वर्दी पहनने की इच्छा जताता है तो उसे इस यूनिफॉर्म से जुड़ी सभी चुनौतियों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार रहना होता है। महेंद्र सिंह धोनी अपनी बेसिक ट्रेनिंग पूरी कर चुके हैं। हम जानते हैं कि वे इस चुनौती को भी पूरा करेंगे।
Here comes the 1st exclusive picture of #LtColonelDHONI From Srinager. pic.twitter.com/gbZtqyQETJ
— DHONIsm™ (@DHONIism) August 1, 2019

