महेंद्र सिंह धोनी ने इस महीने की 15 तारीख को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इस खबर के बाद करोड़ों लोगों ने उनके योगदान को लेकर उन्हें धन्यवाद कहा। क्रिकेट विशेषज्ञों ने उनके करियर की एनालिसिस की। धोनी को टीम इंडिया का सर्वकालिक महान कप्तान माना जाता है। उनके फैंस भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में फैले हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर राशिद लतीफ भी धोनी को पसंद करते हैं। उन्होंने मागी को भारत का ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का आइकन बताया है। लतीफ ने धोनी को इमरान खान जैसा लीडर बताया।
लतीफ ने यूट्यूब चैनल ‘कॉट बिहाइंड’ पर पाकिस्तान के मशहूर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट डॉक्टर नुमान नियाज से बातचीत में धोनी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘धोनी को धोनी बनाने में सबसे पहला योगदान मोहम्मद अजहरुद्दीन का था। वे सौरव गांगुली जैसा हीरा भारतीय क्रिकेट के लिए छोड़कर गए थे। गांगुली को कप्तान के तौर निखारने में अजहर का योगदान था। इसके बाद गांगुली धोनी को लेकर आए। धोनी पहले क्रिकेटर तो नहीं थे। सुनने में आया था कि वो फुटबॉल में गोलकीपर थे। पाकिस्तानी गेंदबाज तनवीर अहमद ने मुझसे फोन पर कहा था कि धोनी नाम का एक खिलाड़ी आया है जो सचिन तेंदुलकर को भुला देगा। मैं यह मानने को तैयार नहीं था कि कोई सचिन को पीछे छोड़ देगा।’’
लतीफ ने कहा, ‘‘धोनी मार्केंटिंग और ब्रांड में छाए। उनके अंदर कई विशेषताएं थीं। कैप्टेंसी में उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप, वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीती। ऐसा कोई भी कप्तान दुनिया में नहीं कर पाया। लीडरशिप क्वालिटी के लिए एक इंसान के अंदर बहुत सारी चीजें होनी चाहिए। हमारे प्राइम मिनिस्टर इमरान खान को लीडरशिप क्वालिटी के लिए जाने जाता है। लीडर जोखिम उठाते हैं। वे अपने टीम और खुद के लिए जोखिम लेते हैं। नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ाते हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा धोनी के दौर में ही आगे बढ़ें। ऐसे लीडर दूसरी टीमों को आदर देते हैं। धोनी को दुनिया के तमाम खिलाड़ी और कप्तान तारीफ करते हैं। इसलिए धोनी सिर्फ इंडिया के नहीं बल्कि पूरे वर्ल्ड कप के आइकन बने।’’
उन्होंने आगे कहा, ‘‘धोनी ने अजहरुद्दीन और गांगुली की क्वालिटी को लेकर आगे बढ़े। साथ ही अपना एक अलग स्टाइल बनाया। उन्होंने टीम को जीतना सिखाया। धोनी में जीतने का जज्बा था। उन्होंने सबकुछ हासिल कर लिया। आईपीएल में भी तीन बार चैंपियन बने। सफेद गेंद की क्रिकेट में धोनी स्पिनर्स के खिलाफ विकेटकीपिंग में शानदार थे। भारत में जैसी पिचें हैं वहां पर कीपिंग करना बहुत मुश्किल होता है। उन्होंने कमाल की स्टंपिंग की और कैच लिए हैं।’’