दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने अरका स्पोर्ट्स एंड मैनेजमेंट लिमिटेड के मिहिर दिवाकर और सौम्या विश्वाश के खिलाफ रांची की अदालत में मुकदमा दायर किया है। दिवाकर ने कथित तौर पर विश्व स्तर की एक क्रिकेट एकेडमी बनाने के लिए 2017 में धोनी के साथ एग्रिमेंट किया था। वह इसकी शर्तों का पालन करने में विफल रहे। धोनी ने 15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में जानकारी दी है कि एग्रीमेंट में अरका स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी फीस का भुगतान और प्रॉफिट शेयर करने के लिए बाध्य था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। कई प्रयासों के बावजूद एग्रीमेंट की नियमों और शर्तों की अवहेलना की गई। नतीजतन महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त, 2021 को अरका स्पोर्ट्स को दिए गए अथॉरिटी लेटर को रद्द कर दिया।

15 करोड़ रुपये से आधिक के नुकसान का दावा

इसके अलावा महेंद्र सिंह धोनी की ओर से अरका स्पोर्ट्स को कई कानूनी नोटिस भेजे गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार विधि एसोसिएट्स के माध्यम से धोनी का प्रतिनिधित्व करने वाले दयानंद सिंह ने दावा किया है कि अरका स्पोर्ट्स ने उन्हें धोखा दिया। इ सके परिणामस्वरूप 15 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।

दुबई में मनाया नया साल

महेंद्र सिंह धोनी हाल ही में दुबई में अपना नया साल बिताने के बाद घर लौटे हैं। धोनी अपने परिवार और दोस्तों के साथ नए साल का स्वागत करते नजर आए। यात्रा के दौरान भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी धोनी के साथ नजर आए। धोनी ने दुबई में अपने दोस्तों और परिवार के साथ क्रिसमस भी मनाया। पंत आईपीएल 2024 मिनी- ऑक्शन के लिए दुबई पहुंचने के बाद एमएस धोनी से मिले थे, जिसका आयोजन पहली बार 19 दिसंबर को यूएई में आयोजित किया गया था।