भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने शुक्रवार (7 जुलाई) को अपना 42वां जन्मदिन मनाया। कैप्टन कूल सोशल मीडिया से दूर रहते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनको फैंस और साथी खिलाड़ियों से शुभकामनाएं मिलीं। टीम इंडिया के क्रिकेटर मोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक रील शेयर किया। वीडियो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के ड्रेसिंग रूम का है। इसमें धोनी को बॉलीवुड का मशहूर गाना ‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान’ गाते दिखे।
वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी को मोनू सिंह के साथ देखा जा सकता है। वह फिल्म मुकद्दर का सिकंदर का गाना ‘सलाम-ए-इश्क मेरी जान’ गा रहे हैं। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मोहित शर्मा हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस (GT) का हिस्सा हैं। आईपीएल 2023 में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। वह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।
भारत के पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने धोनी को शुभकामनाएं दी
मोहित शर्मा ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा दी दुआएं तुम्हें उम्रभर के लिए। इसके साथ ही उन्होंने हैप्पी बर्थडे माही भाई लिखा। साथ में हार्ट इमोजी भी लगाया है। भारत के कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटरों ने शुक्रवार को महेंद्र सिंह धोनी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। इसमें सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रविचंद्रन अश्विन और समेत अन्य क्रिकेटर शामिल थे। ऋषभ पंत ने केक काटते हुए फोटो शेयर की।
धोनी ने चेन्नई को बनाया 5वीं बार चैंपियन
महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेटिंग करियर के बारे में बात करें तो 42 वर्षीय ने 2020 में अंतरराष्ट्री क्रिकेट को अलविदा कह दिया। हालांकि, धोनी अभी भी एक सक्रिय क्रिकेटर हैं और वह आईपीएल (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का नेतृत्व करते हैं। हाल ही में फ्रेंचाइजी उनकी कप्तानी में आईपीएल 2023 का खिताब जीती। टीम पांचवी बार आईपीएल खिताब जीती।