भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान व विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने 7 जुलाई को अपना 42वां जन्मदिन मनाया। अपने जन्मदिन के बाद उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर की जिसमें वो अपने पालतू डॉगी के साथ जन्मदिन मनाते हुए नजर आए।
धोनी के जन्मदिन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और इसे खूब पसंद किया जा रहा है। इस वीडियो को अब तक 32 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। धोनी को जानवरों से काफी प्यार है और उन्होंने अपने फॉर्म हाउस पर कई डॉगी और घोड़े पाल रखे हैं। समय-समय पर वो इनके साथ अपने वीडियो भी शेयर करते रहते हैं साथ ही धोनी को खाली समय में इनके साथ वक्त बिताना भी काफी पसंद है।
धोनी ने अपने पालतू डॉगी के साथ काटा जन्मदिन का केक
धोनी ने जो रिसेंट वीडियो शेयर किया है उसमें उनके साथ चार प्यारे-प्यारे डॉगी नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में धोनी ने सबसे पहले केट काटा और फिर उसे अपने डॉगी को खिलाया। इसके बाद उन्होंने खुद केक खाया और इस दौरान सभी डॉगी उनके आस-पास मंडराते दिखे। इस वीडियो में एक बात सबसे ज्यादा हैरान करने वाली यह रही कि जब तक वो केक काटते रहे किसी भी डॉगी ने एक बार भी केक में मुंह लगाने की कोशिश नहीं की। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि धोनी को इनसे कितना प्यार है और कितने प्यार से उन्हें केक खिला रहे हैं।
आपको बता दें कि एमएस धोनी ने आईपीएल 2023 में अपनी आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स को पांचवीं बार चैंपियन बनाया था और उसके ठीक बाद उन्होंने अपने घुटनों की सर्जरी कराई थी। घुटनों की सर्जरी के बाद वो लगातार अपने घर रांची में ही हैं और स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। बतौर कप्तान भारत को सबसे ज्यादा आईसीसी खिताब दिलाने वाले धोनी 42 साल के हो चुके हैं और इस बात की उम्मीद की जा रही है कि वो अगले सीजन में भी सीएसके टीम की कमान संभालते हुए नजर आएंगे।